फतेहपुर। मांगे पूरी न होने से आक्रोशित शिक्षकों ने उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह की अगुवाई बीएसए कार्यालय में धरना प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की। इसके बाद शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट पहुंच सीएम के नाम 15 सूत्रीय मांगों एक ज्ञापन दिया। शिक्षकों ने मांग करते हुए कहा कि 01 अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों को भी पुरानी पेंशन प्रणाली से आच्छादित किया जाये। विशिष्ट बी०टी०सी० 2004 बैच, बी०टी०सी० 2001 एवं 2004 बैच, उर्दू बी०टी०सी० 2005 बैच तथा अन्य ऐसे परिषदीय शिक्षक जिनकी भर्ती का विज्ञापन 01 अप्रैल 2005 से पूर्व हुआ था, परन्तु नियुक्ति उसके पश्चात हुई थी को पुरानी पेंशन प्रणाली से आच्छादित किये जाने से सम्बन्धित शासनादेश निर्गत किया जाये। 1 दिसम्बर, 2008 के पश्चात पदोन्नति प्राप्त शिक्षक जिनका पे ग्रेड रू0 4600 है उनको न्यूनतम रू० 17140 तथा जिनका पे ग्रेड रू0 4800 है उनको न्यूनतम रू0 18150 का मूल वेतन प्रदान किया जाये। प्रदेश में व्याप्त भीषण गर्मी के कारण विद्यालय का समय प्रातः 07.00 से दोपहर 12.00 बजे तक किया जाये। वर्ष 2015 के बाद उ०प्र०बेसिक शिक्षा परिषदीय शिक्षकों की कोई पदोन्नति नहीं हुई है। एक माह के अन्दर शिक्षकों की पदोन्नति तथा प्रोन्नत वेतनमान प्रदान किये जायें। जनपदीय पारस्परिक स्थानान्तरण में भी अन्तर्जनपदीय स्थानान्तरण की भाँति प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय एवं सहायक अध्यापक पूर्व माध्यमिक विद्यालय को एक दूसरे के साथ पारस्परिक स्थानान्तरण की व्यवस्था प्रदान की जाये। उ०प्र०बेसिक शिक्षा परिषदीय शिक्षकों के अन्तः जनपदीय एवं अन्तर्जनपदीय सामान्य स्थानान्तरण विगत कई वर्षों से नहीं हो रहे हैं। सामान्य स्थानान्तरण किये जाने के आदेश/निर्देश निर्गत किया जाये। सामूहिक बीमा की बीमित धनराशि 10 लाख की जाए। इस मौके पर विजय त्रिपाठी, देवेन्द्र प्रताप सिंह, धर्मेंद्र कुमार, मनोज प्रकाश, जितेंद्र, शैलेन्द्र, मुनेश्वर, प्रदीप समेत सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।