Breaking News

बंगाल में MBBS छात्रा से गैंगरेप: 3 गिरफ्तार, 2 फरार; पीड़िता का दोस्त भी हिरासत में, 14 महीने में दूसरा मेडिकल रेप केस

 दुर्गापुर: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में मेडिकल स्टूडेंट से गैंगरेप केस में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 2 आरोपी अभी भी फरार हैं। घटना 10 अक्टूबर की रात 8-9 बजे के बीच हुई थी। पीड़ित अपने दोस्त के साथ डिनर के लिए निकली थी। इसी दौरान 3 युवकों ने उसका गैंगरेप किया था।

घटना कोलकाता से 170 किमी दूर दुर्गापुर के एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज के ठीक सामने हुई थी। पीड़ित ओडिशा की रहने वाली है। यहां रहकर MBBS की पढ़ाई कर रही है। वह सेकेंड ईयर की स्टूडेंट है। पीड़ित का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस के मुताबिक पीड़ित दोस्त के साथ डिनर के लिए निकली थी। कैंपस गेट पर 3 युवक खडे़ थे। उन्होंने पीड़ित का मोबाइल छीना, फिर बाल पकड़कर कैंपस गेट के सामने जंगल में घसीटकर ले गए। इस दौरान पीड़ित का दोस्त भाग गया और पुलिस को खबर दी।

डिप्टी मजिस्ट्रेट और एसडीओ दुर्गापुर रंजना रॉय ने पीड़ित से मुलाकात की। उन्होंने कहा- छात्रा की हालत स्थिर है। उसकी मां उसके साथ हैं। पीड़ित के माता-पिता ने इस घटना में लड़की के दोस्त और उसके साथियों के शामिल होने का आरोप लगाया है। पीड़ित के दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है।

पुलिस बोली- CCTV फुटेज निकाली जा रही

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर लगे CCTV की फुटेज निकाली जा रही है। मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों से भी पूछताछ हो रही है। 11 अक्टूबर को पीड़ित के माता-पिता ने दुर्गापुर न्यू टाउनशिप थाने में केस दर्ज कराया है।

छात्रा के पिता ने कहा कि मैंने सुना था कि कॉलेज अच्छा है, इसलिए अपनी बेटी को यहां मेडिकल की पढ़ाई के लिए भेजा था। कभी नहीं सोचा था कि उसके साथ ऐसा कुछ होगा। यहां सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है।

वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की टीम आज दुर्गापुर पहुंचेगी। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल को बलात्कारियों और अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बना दिया है।

गैंगरेप की घटना पर बीजेपी ने पश्चिम बर्धमान में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा- पश्चिम बंगाल में अब कोई भी सुरक्षित नहीं है, न 6 महीने की बच्ची, न 80 साल की बुजुर्ग और न ही 23 साल की मेडिकल छात्रा।

उन्होंने कहा कि हम यह प्रदर्शन इसलिए कर रहे हैं ताकि बंगाल के लोगों को जागरूक कर सकें, अगर आज आवाज नहीं उठाई तो कल आपके घर की महिलाएं अगला शिकार हो सकती हैं।

पश्चिम बंगाल में मेडिकल स्टूडेंट के साथ गैंगरेप की इस घटना ने 2024 के आरजी कर मामले की यादें ताजा कर दी हैं। कोलकाता स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में 8-9 अगस्त की रात एक ट्रेनी डॉक्टर का रेप-मर्डर हुआ था।

9 अगस्त की सुबह डॉक्टर की लाश सेमिनार हॉल में मिली थी। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने संजय रॉय नाम के सिविक वॉलंटियर को अरेस्ट किया था।

20 जनवरी, 2025 को उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई। इस घटना को लेकर कोलकाता समेत देशभर में आक्रोश फैला था। बंगाल में 2 महीने से भी ज्यादा समय तक मेडिकल सेवाएं ठप रही थीं।

नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) ने 30 सितंबर को देश में 2023 के दौरान हुए अपराधों की रिपोर्ट सार्वजनिक की। इस रिपोर्ट के मुताबिक, महिलाओं पर अपराध के मामले में पश्चिम बंगाल देश के टॉप 5 राज्यों में चौथे नंबर पर है।

महिलाओं के खिलाफ अपराधों में यूपी, महाराष्ट्र, राजस्थान सबसे आगे हैं। वहीं, पांचवे नंबर पर मध्य प्रदेश है, जहां महिलाएं सबसे ज्यादा अपराध का शिकार हैं।

NCRB ने बताया कि 2023 में महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े 4 लाख 48 हजार 211 केस दर्ज हुए, जिसमें सबसे ज्यादा ‘पति या रिश्तेदार द्वारा क्रूरता’, ‘अपहरण’, ‘बलात्कार’ और ‘छेड़छाड़’ के मामले थे।

About SaniyaFTP

Check Also

“ममता का गरम भाषण, विधानसभा में भिड़े TMC और BJP विधायक: मुख्य सचेतक घायल”

पश्चिम बंगाल विधानसभा में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान भाजपा और तृणमूल कांग्रेस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *