खागा, फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र के बल्दी का पुरवा मोहल्ले में उस समय मातम छा गया, जब नलकूप की बिजली ठीक करने के दौरान एक युवक 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं मोहल्ले में भी गम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बल्दी का पुरवा निवासी बउआ पुत्र मैकू सोमवार को लौकियापुर स्थित एक नलकूप की बिजली व्यवस्था ठीक करने गया था। बताया जा रहा है कि बिजली ठीक करते समय वह अचानक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर गिर पड़ा।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में बउआ को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए इलाज शुरू किया। परिजनों के मुताबिक उपचार के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी होने पर रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग भी बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए। अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से नलकूपों और हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो। घटना के बाद से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
News Wani
