बिंदकी, फतेहपुर। संकट की घड़ी में पीड़ितों का सहारा बनकर बिंदकी के समाजसेवियों ने मानवता की मिसाल पेश की है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए श्री बालाजी सेवा न्यास ने राहत सामग्री भेजी है। रविवार को लंका रोड से तीन वाहनों में लदी राहत सामग्री को हरी झंडी दिखाकर चित्रकूट के लिए रवाना किया गया।
चित्रकूट के राजापुर व कर्वी क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित करीब दो सौ परिवारों के बीच यह राहत सामग्री वितरित की जाएगी। इसमें सूखा राशन, कपड़े, तिरपाल, पॉलीथिन, बर्तन सहित दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुएं शामिल हैं।
बाढ़ की विभीषिका झेल रहे परिवारों तक जरूरी सामान पहुंचाने के लिए नगर के व्यापारी वर्ग ने भी एकजुट होकर सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग किया। श्री बालाजी सेवा न्यास के अध्यक्ष लक्ष्मीचंद्र उर्फ मोना ओमर ने कहा कि आपदा और संकट की घड़ी में पीड़ित मानवता की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है। जरूरतमंदों की सहायता के लिए संगठन आगे भी अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करता रहेगा।
राहत सामग्री रवाना किए जाने के दौरान वेद प्रकाश वर्मा, अनूप अग्रवाल, अनूप गुप्ता, संजय गुप्ता, संजय ओमर, आलोक गौड़, आदर्श चौहान, लोकेश, विजय नारायण मास्टर, वेद व्यास मिश्रा, शिवदास, दीपक सिंह चौहान, रिंकू तिवारी, सुंदरम, अशुल गुप्ता, भूपेंद्र तिवारी, बबलू गुप्ता, सुरेश गुप्ता, आचार्य बलराम सिंह और महेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
News Wani
