फतेहपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत रविवार को जिले में व्यापक स्तर पर बहू-बेटी अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने गांव-कस्बों में चौपाल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया।
अभियान का विशेष फोकस परित्यक्ता, तलाकशुदा, विधवा, निराश्रित तथा दहेज उत्पीड़न की शिकार महिलाओं के उत्थान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण पर रहा। महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को उनके अधिकारों के साथ-साथ सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए गए।
महिलाओं एवं बालिकाओं को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए)-2023 के महिला एवं पीड़ित केंद्रित महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति टीमों ने निःशुल्क विधिक परामर्श, फैमिली काउंसलिंग और उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी देते हुए जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए। पुलिस टीमों ने महिलाओं को आपातकालीन एवं सहायता सेवाओं के नंबर भी बताए।
इनमें डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, जननी सुरक्षा-102, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, एंबुलेंस-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 शामिल हैं।
अभियान के दौरान महिलाओं से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना झिझक संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।
News Wani
