Breaking News

“कांग्रेस का AI वीडियो वायरल: PM की मां ने दिए संदेश, गिरिराज बोले- राहुल गिर चुके”

एक तरफ भारत का लोकतंत्र अपनी मजबूती का परिचय दे रहा है, तो दूसरी तरफ कुछ सियासी पार्टियां थोथी राजनीति में लगी हुई हैं। बिहार कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी मां को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया है। ये वीडियो AI से बनाया गया है। वहीं अब इस वीडियो पर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर ज्यादातर लोग इस पर वीडियो को लेकर कड़ी आपत्ति जता रहे हैं। बीजेपी ने इसकी निंदा की है, लेकिन कांग्रेस अभी तक इसे हटाने के मूड में नहीं है। इस वीडियो के लिए बीजेपी ने सीधे राहुल गांधी पर निशाना साधा है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी के कहने पर मोदी की मां का अपमान किया जा रहा है।

कांग्रेस पार्टी बेशर्मी पर उतर आई: कांग्रेस के AI से बनाए गए वीडियो पर भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बेशर्मी पर उतर आई है। पहले कांग्रेस के मंच से पीएम मोदी की मां को गाली दी गई और अब एआई वीडियो बनाकर मोदी जी की मां का अपमान कर रही है। जिस तरह कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की मां का वीडियो बनाया है, जो अब इस दुनिया में भी नहीं हैं उनके बारे में इस तरह का वीडियो बनाया ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी इससे बाज आए। पूरे देश और बिहार की जनता उस मां के अपमान का बदला जरूर लेगी, जो अब इस दुनिया में भी नहीं हैं।

राजनीति का एक नया निचला स्तर बताया: इस घटनाक्रम पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री की मां का अपमान निंदनीय है और देश इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता उन्हें सबक सिखाएगी क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी की मां हमारी मां हैं। भाजपा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए इसे राजनीति का एक नया निचला स्तर बताया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा राजनीति को पारिवारिक जीवन से अलग रखा है। यह दुखद है कि कांग्रेस ने पहले प्रधानमंत्री की मां को गाली दी और अब देश को गुमराह करने और सभी माताओं का अपमान करने के लिए डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर रही है।”

वहीं भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक्स पर कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी ने वीडियो के जरिए “सारी हदें पार कर दी हैं”। उन्होंने पोस्ट किया, “प्रधानमंत्री की मां के साथ दुर्व्यवहार करने पर पछतावा करने की बजाय, कांग्रेस ने झूठ के सहारे आरोपी को सही ठहराया और उसका बचाव किया। यह पार्टी गांधीवादी की बजाय ‘गालीवादी’ हो गई है।”

नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां की स्मृति को नीचा दिखाया: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा, “क्या आईएनसी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, अब कुख्यात रूप से ‘नारी शक्ति का अपमान’ के लिए खड़ी है? महिला विरोधी कांग्रेस पार्टी की बिहार राज्य इकाई के आधिकारिक हैंडल ने अब सबसे अशिष्ट तरीके से हमारे प्रधानमंत्री की दिवंगत मां, जो अब हमारे बीच नहीं हैं, के नकली, घृणित एआई कैरिकेचर का उपयोग करके पीएम नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां की स्मृति को नीचा दिखाया है। कांग्रेस पार्टी का यह नीच और पतित कृत्य अक्षम्य और निंदनीय है और बिहार कांग्रेस के हैंडल द्वारा बनाया गया यह फर्जी वीडियो बिहार और हमारे देश की प्रत्येक मां, बेटी और बहन का जानबूझकर अपमान है।”

About SaniyaFTP

Check Also

जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग से सनसनी

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला को एक शख्स ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *