नई दिल्ली। भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने ताजा ICC टी-20 इंटरनेशनल रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में उनके शानदार प्रदर्शन का फायदा रैंकिंग में मिला। अभिषेक ने पहले मैच में 82 रन की आक्रामक पारी खेली थी, जबकि दूसरे मुकाबले में 39 रन बनाए।
अभिषेक ने पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को पीछे छोड़ते हुए नंबर-2 की पोजीशन हासिल की है। वहीं ईशान किशन नंबर-1 पर कायम हैं। इस तरह मौजूदा टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग के शीर्ष दो स्थानों पर भारतीय बल्लेबाजों का कब्जा है।
टॉप-10 में तीन भारतीय
टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत के तीन खिलाड़ी टॉप-10 में शामिल हैं। अभिषेक शर्मा दूसरे और ईशान किशन पहले स्थान पर हैं, जबकि तिलक वर्मा आठवें नंबर पर बने हुए हैं। इंग्लैंड के भी तीन बल्लेबाज टॉप-10 में मौजूद हैं।
वरुण चक्रवर्ती टॉप-5 में पहुंचे
गेंदबाजी रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों को फायदा हुआ है। वरुण चक्रवर्ती दो स्थान की बढ़त के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं। जसप्रीत बुमराह ने सात पायदान की छलांग लगाकर 10वां स्थान हासिल किया है।
अर्शदीप सिंह को 11 स्थान का फायदा हुआ और वह 14वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं अक्षर पटेल छह पायदान ऊपर चढ़कर 27वें स्थान पर आ गए हैं।
टेस्ट रैंकिंग में ओली रॉबिन्सन का जलवा
टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन को पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला है। उन्होंने तीन मैचों की सीरीज में 21 विकेट हासिल किए और 23 स्थान की छलांग लगाकर तीसरे नंबर पर पहुंच गए। उनके 856 रेटिंग अंक हैं, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
इंग्लैंड के जॉश टंग ने भी सीरीज में 19 विकेट लिए। वह 22 स्थान ऊपर चढ़कर 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं, जो उनकी करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
बाबर आजम की रैंकिंग में सुधार
पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम ने बर्मिंघम टेस्ट की दूसरी पारी में 76 रन बनाए थे। इसके बाद उनकी रैंकिंग में दो स्थान का सुधार हुआ और वह 13वें नंबर पर पहुंच गए। सऊद शकील 16वें और शान मसूद 37वें स्थान पर हैं।
वनडे रैंकिंग में भी कई खिलाड़ियों को उनके हालिया प्रदर्शन का फायदा मिला है। मैट रेनशॉ ने 54 स्थान की बड़ी छलांग लगाकर 68वां स्थान हासिल किया। वहीं नाथन एलिस ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच विकेट लेने के बाद पहली बार वनडे गेंदबाजों की टॉप-20 रैंकिंग में जगह बनाई है।
News Wani
