महोबा। जिले में परिवहन विभाग के एआरटीओ दयाशंकर पर गंभीर आरोप लगाते हुए वाहन स्वामियों ने जिलाधिकारी से शिकायत दर्ज कराई है। छजमनपुरा निवासी दीपेंद्र तिवारी पुत्र मोहनलाल तिवारी ने डीएम को सौंपे शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उनका 14 टायरा ट्रिपर पिछले एक महीने से मिस्त्री की दुकान पर इंजन मरम्मत के लिए खड़ा था। आरोप है कि एआरटीओ दयाशंकर ने उनके ड्राइवर के साथ मारपीट कर गाड़ी की चाबी छीन ली और जबरन अपने ड्राइवर से गाड़ी उठवाकर सीज कर दी, जबकि वाहन सड़क पर संचालित नहीं हो रहा था।
प्राइवेट ड्राइवर के जरिए एंट्री वसूली का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि एआरटीओ के प्राइवेट ड्राइवर मकबूल द्वारा गाड़ियों से अवैध एंट्री वसूली की जाती है। पत्र में दावा किया गया कि प्रति गाड़ी 5,000 रुपये एंट्री शुल्क लिया जाता है। इसके अलावा हंसलीपर बसों से 12,000 रुपये प्रति माह, सीमा पार से आने वाली बालू की गाड़ियों से 8,000 रुपये प्रति माह तथा कबरई क्षेत्र से निकलने वाली लगभग 2,000 गाड़ियों से भी नियमित एंट्री वसूली का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि बात करने पर एआरटीओ द्वारा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है।
वाहन स्वामियों ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, एआरटीओ की चल-अचल संपत्ति की जांच कराने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। शिकायती पत्र में दीपेंद्र तिवारी के साथ-साथ अन्य सम्राट थ्रेसर मालिक व स्थानीय लोग भी शामिल रहे, जिनमें वैभव स्टोर, फरहान, अंकित शर्मा, सन्नी तिवारी, अंकित तिवारी, सचिन महाराज, मयंक तिवारी, प्रेम राजपूत तथा पप्पु यादव के नाम दर्ज हैं।

News Wani