जापान के नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबलों से पहले खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। क्रिकेट मैचों के लिए तैयार किए गए मैदान की पिच, ड्रेसिंग रूम और खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर कई क्रिकेट बोर्डों ने चिंता जताई है।
मुकाबले निशिन स्थित कोओरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाने हैं। यह मैदान कुछ समय पहले तक बेसबॉल के लिए इस्तेमाल होता था और इसी साल मार्च में इसे क्रिकेट के लिए तैयार किया गया। यहां नई हाइब्रिड पिच बनाई गई है, लेकिन इस पर बहुत कम प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेला गया है। मई में यहां एक टूर्नामेंट जरूर आयोजित हुआ था।
पिच और ड्रेसिंग रूम को लेकर सवाल
रिपोर्टों के मुताबिक, मैदान पर पर्याप्त और बेहतर ड्रेसिंग रूम की सुविधा भी नहीं है। पिच की गुणवत्ता और उसके उछाल को लेकर भी चिंता जताई गई है। एशियन क्रिकेट काउंसिल की ओर से आयोजन स्थल और खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजे जाने की तैयारी है।
होटल के कमरे छोटे, स्टेडियम से 20 किमी दूर ठहरेंगे खिलाड़ी
खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था भी चर्चा का विषय बनी हुई है। क्रिकेटरों को आयोजन स्थल से करीब 20 किलोमीटर दूर नागोया के होटलों में ठहराया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ होटल कमरे इतने छोटे बताए जा रहे हैं कि क्रिकेट किट बैग खोलने के बाद कमरे में पर्याप्त जगह नहीं बचती।
इसके अलावा सितंबर में जापान में टाइफून का मौसम भी रहता है, जिससे मौसम टूर्नामेंट के दौरान एक अतिरिक्त चुनौती बन सकता है। ऐसे में आयोजन से पहले मैदान, खिलाड़ियों के रहने और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर करना आयोजकों के लिए अहम होगा।
भारत की टीमें कब उतरेंगी?
एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 17 सितंबर से शुरू होगी, जबकि पुरुष क्रिकेट मुकाबले 28 सितंबर से खेले जाएंगे। भारतीय पुरुष टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर और महिला टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर के हाथों में है।
News Wani
