लखनऊ में 5000 प्राइमरी और जूनियर विद्यालयों को बंद किए जाने के फैसले के विरोध में कांग्रेस ने जमकर हंगामा किया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर जमकर नारेबाजी की। राय ने कहा- सरकार ने 5000 स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया है। वहीं 50 हजार मधुशालाएं खोल दी हैं। इससे पहले बेगम हजरत महल पार्क से कांग्रेस का मार्च शुरू हुआ। शहादत अली मकबरे के पास अजय राय मार्च में शामिल हुए। यहां से बड़ी संख्या में कांग्रेसी कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
अजय राय ने कहा: सरकारी स्कूलों को बंद करने का सीधा असर गरीब और ग्रामीण तबकों के बच्चों पर पड़ेगा। कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह विरोध सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि आगामी विधानसभा सत्र तक इस आंदोलन को धार दी जाएगी। उन्होंने बताया- पार्टी ने ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक संगठन को सक्रिय कर दिया है और सभी स्तरों पर सरकार के फैसले का विरोध सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने कहा- प्रदेश में शिक्षा का अधिकार कानून पहले ही कमजोर हो रहा है। अब स्कूल बंद कर देना गरीबों के भविष्य से खिलवाड़ है। हम सरकार को यह कदम वापस लेने के लिए मजबूर करेंगे।
हमारे देश और समाज का भविष्य कैसे तैयार होगा: अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी (दक्षिणी) डॉ. शहजाद आलम ने कहा- 5000 प्राइमरी स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं सरकार ने प्रदेश में 50 हजार मधुशालाएं खोल दी हैं। अब हर 100-200 मीटर पर शराब पीने वाले लोग दिखेंगे। उन्होंने दावा किया- अब हमारे ग्रामीण इलाकों में दूर-दूर तक कोई स्कूल नहीं होगा। हमारे देश और समाज का भविष्य कैसे तैयार होगा। इसी सवाल को लेकर कांग्रेस आज प्रदर्शन कर रही है।