Breaking News

“योगी सरकार में हर वर्ग परेशान, कांग्रेस सभी 11 एमएलसी सीटों पर लड़ेगी चुनाव: अजय राय”

लखनऊ:प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मा0 श्री अजय राय जी, पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार में न केवल बेरोजगार युवा बल्कि शिक्षक, कर्मचारी, वकील, डाक्टर, सहित समाज के सभी वर्ग के लोग पीड़ित हैं। सरकारी पदों पर भर्तियां नहीं हो रही हैं, विज्ञापन निकल नहीं रहा है, विज्ञापन निकल रहा है तो परीक्षा नहीं हो पा रही है, परीक्षा हो रही तो पेपर लीक हो जा रहे हैं नतीजन बेरोजगार युवा रोजगार न मिलने से अवसाद से ग्रसित हो जा रहे हैं उन्होंने कहा कि शिक्षक इस वर्तमान सरकार में सबसे ज्यादा परेशान हैं न तो वित्त विहीन शिक्षकों को मानदेय दिया गया और न ही सेवा सुरक्षा। एडेड कॉलेजों के शिक्षकों की सेवा सुरक्षा भी भाजपा सरकार ने समाप्त कर दी है। पुरानी पेंशन नहीं दी जा रही है। शिक्षकों के पद रिक्त हैं यह सरकार शिक्षा सेवा चयन आयोग बनाकर केवल मजाक कर रही है।

 

श्री राय ने कहा कि प्राइमरी से लेकर डिग्री तक के शिक्षकों की भर्ती के लिए बनाया गया यह आयोग एक भी भर्ती न करा पा रहा है। इसी सरकार में बनाई गई चेयरमैन इस्तीफा दे रही हैं। 2021 में निकले विज्ञापनों की अभी तक परीक्षा नहीं हो पा रही है। 5 बार परीक्षा की तिथि घोषित करने के बाद परीक्षा टाल दी गई है प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय राय ने कहा कि इस अव्यवस्था अराजकता और कुशासन के खिलाफ शिक्षक और स्नातक विधान परिषद के सदस्य सदन में आवाज उठाते हैं। मगर पिछले चुनाव में भाजपा सरकार ने वोट चोरी करके बूथ कैप्चरिंग और मतदाता पेटी बदलवाकर चुनाव जीता और लोकतंत्र की आवाज को खत्म करने की कोशिश की।

 

श्री राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं और शिक्षकों की आवाज को सदन में बुलंद करने के लिए आगामी विधान परिषद चुनाव में सभी 11 सीटों पर चुनाव लडे़गी। इसके लिए कांग्रेस 5 लाख स्नातक के तथा 2 लाख शिक्षक मतदाताओं के फार्म भरवाकर वोटर बनवाने के कार्य में जुट गई है। सभी जिला/शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों को फार्म वितरित कर दिए गए हैं उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय लखनऊ में एक कनेक्ट सेंटर स्थापित कर दिया गया है। प्रत्येक जिले में एक कोऑर्डिनेटर कमेटी बनाया जाएगा जो कनेक्ट सेंटर से जुड़ा रहेगा। सभी फ्रंटल, संगठनों को इसमें लगाया गया है विधि, शिक्षक एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ को इस चुनाव हेतु विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

श्री राय ने बताया कि इसके साथ ही सभी सीटों पर सांसदों/विधायकों, पूर्व सांसदों/विधायकों एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को प्रभारी बनाया जा रहा है। उनके साथ सह प्रभारी भी नियुक्त किए जा रहे हैं एमएलसी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा हेतु राष्ट्रीय महासचिव मा0 श्री अविनाश पाण्डेय जी एवं मेरी स्वयं तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में जिलों में बैठकें आयोजित होंगी। कांग्रेस की सभी जिला/ब्लाक कमेटियाँ वोट बनवाने से लेकर वोट पोल कराने तक का कार्य करेंगी श्री राय ने अंत में कहा कि प्रत्येक सीट पर चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों को कोऑर्डिनेटर घोषित किया जा रहा है। अभी तक 5 सीटों पर कोऑर्डिनेटर/प्रत्याशी बनाए जा चुके हैं-

1. मेरठ-सहारनपुर स्नातक विधान परिषद सीट पर विक्रांत वशिष्ठ
2. आगरा स्नातक विधान परिषद सीट पर रघुराज सिंह पाल
3. लखनऊ स्नातक विधान परिषद सीट पर डॉ0 देवमणि तिवारी
4. वाराणसी शिक्षक विधान परिषद सीट पर संजय प्रियदर्शी
5. वाराणसी स्नातक विधान परिषद सीट पर श्री अरविंद सिंह पटेल

 

आज की प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मा0 श्री अजय राय जी के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता पुनीत पाठक, सचिन रावत, प्रदेश कांग्रेस ज्वाईनिंग प्रभारी नितिन शर्मा, उ0प्र0 कांग्रेस विधि विभाग के कोऑर्डिनेटर आसिफ रिज़वी रिंकू एड0, चिकित्सा प्रकोष्ठ के कोऑर्डिनेटर डॉ0 आजाद बेग, श्रीमती सिद्धिश्री, अनामिका यादव, जैनब हैदर आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

About Rizvi Rizvi

Check Also

18 दिन में 84 जगह धंसा यूपी का सबसे महंगा एक्सप्रेसवे, NHAI ने निर्माण कंपनी पर की कार्रवाई

-₹4700 करोड़ की लागत से बने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर लगातार मरम्मत, IIT खड़गपुर करेगी जांच …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *