फतेहपुर। उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने गुरुवार को जनपद फतेहपुर का भ्रमण कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन, अनुरक्षणाधीन एवं लंबित मार्गों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण भवन लोक निर्माण विभाग में आयोजित बैठक में लोक निर्माण विभाग एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग पीआईयू यूनिट फतेहपुर के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने पंचवर्षीय अनुरक्षण के अंतर्गत आने वाले मार्गों की पटरियों पर उगी झाड़ियों और जंगल की तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश के कारण विकसित रेनकट्स को भरवाकर पटरियों की मरम्मत निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने को कहा।
उन्होंने मार्गों पर यातायात में बाधा बन रहे विद्युत पोलों को आवश्यकतानुसार शिफ्ट कराने तथा जरूरी स्थानों पर ट्रैफिक साइनेज एवं कॉशन बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत आने वाले सभी मार्गों की रूरल रोड रजिस्ट्री का कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
भारी वाहनों को रोकने के लिए लगाए जाएं हाईट गेज
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने ग्रामीण मार्गों पर भारी एवं ओवरलोड वाहनों के आवागमन को देखते हुए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार हाईट गेज लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे कार्यों का प्रावधान डीपीआर में भी किया जाए। पंचवर्षीय अनुरक्षणाधीन मार्गों का निर्धारित अवधि में नियमित निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए गए।
हथगांव-थरियांव मार्ग का उठा मुद्दा
बैठक के दौरान जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी को हथगांव से थरियांव मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर ग्रामीणों द्वारा किए गए धरना-प्रदर्शन की जानकारी दी। बताया गया कि संवत से हथगांव तक का मार्ग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लोक निर्माण विभाग के अधीन है।
इस पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड, लोक निर्माण विभाग फतेहपुर को मार्ग को पहले मोटरेबल बनाने और मौसम अनुकूल होते ही मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्य विकास अधिकारी से समन्वय कर उक्त मार्ग को राज्य खंड को हस्तांतरित कराने की कार्रवाई करने को कहा।
कुँवरपुर-मलवां रेलवे स्टेशन मार्ग का किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग पीआईयू फतेहपुर के अंतर्गत अनुरक्षणाधीन पैकेज संख्या यूपी-25147 ‘कुँवरपुर से मलवां रेलवे स्टेशन जीटी रोड से कोटिया’ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर सड़क की स्थिति एवं अनुरक्षण कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता विकास कुरील, सहायक अभियंता संजय कुमार, अवर अभियंता नरेन्द्र कुमार गुप्ता सहित संबंधित सहायक अभियंता, अवर अभियंता एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

News Wani