शाहजहांपुर। जमीन की कूटरचित वसीयत तैयार कर धोखाधड़ी से बेचने के मामले में फरार चल रहे 79 वर्षीय आरोपी को सदर बाजार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसपी सौरभ दीक्षित के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजेन्द्र कुमार पुत्र श्यामलाल, निवासी रौसर कोठी है। गुरुवार, 25 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लोधी पुल के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक सचिन भारती की टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, बीते 11 अप्रैल 2026 को पीड़िता की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मु.अ.सं. 131/26 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) और 340(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरोप है कि आरोपी ने प्रतिरूपण एवं कूटरचित दस्तावेजों का सहारा लेकर जमीन की फर्जी वसीयत अपने नाम करा ली और बाद में उक्त जमीन को बेच दिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

News Wani