फतेहपुर। सेवा सेतु अभियान के तहत खजुहा, ऐरायां और विजयीपुर विकास खंडों में आयोजित बहुउद्देशीय सेवा शिविरों में ग्रामीणों की खासी भागीदारी देखने को मिली। तीनों विकास खंडों में करीब 3,553 लाभार्थियों ने शिविरों में प्रतिभाग किया। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों के आवेदन लिए और उन्हें योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित किया।
खजुहा विकास खंड में 21 से 25 सितंबर तक चले बहुउद्देशीय शिविर का गुरुवार को समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में बिंदकी विधायक जय कुमार जैकी और जिला विकास अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं और लाभार्थियों के संबंध में जानकारी ली।
आशा कार्यकर्ताओं को मिला सम्मान
शिविर के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को विधायक जय कुमार जैकी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल का वितरण भी किया गया। इसके अलावा अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

शिविरों में आवास, शौचालय और स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं को लेकर ग्रामीणों ने विशेष रुचि दिखाई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ आवश्यक परामर्श एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
खजुहा में 1200, विजयीपुर में 1238 लाभार्थी पहुंचे
जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, खजुहा में करीब 1,200, विजयीपुर में 1,238 और ऐरायां में लगभग 1,115 लाभार्थियों ने शिविर में प्रतिभाग किया। इस तरह तीनों विकास खंडों में कुल करीब 3,553 लोगों की भागीदारी रही।
बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं, पात्रता और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन लेकर उन्हें योजनाओं से जोड़ना रहा।
खजुहा की खंड विकास अधिकारी कोमल सिंह, ऐरायां के बीडीओ अशोक सिंह और विजयीपुर के बीडीओ जयप्रकाश की देखरेख में संबंधित शिविरों का आयोजन कराया गया। ऐरायां और विजयीपुर में बहुउद्देशीय शिविर 26 सितंबर तक निर्धारित हैं।
News Wani
