फतेहपुर-कौशांबी-चित्रकूट समेत कई जिलों में अति भारी बारिश के आसार, 52 जिलों में 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 13 जिलों में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट, जबकि 29 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश के साथ कई जिलों में तेज हवाएं, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है।
फतेहपुर समेत इन 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और अयोध्या में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
52 जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी
प्रदेश के 52 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका है। खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
27 सितंबर तक सक्रिय रह सकता है सिस्टम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बारिश से जुड़ा यह सिस्टम 27 सितंबर तक सक्रिय रह सकता है। अगले कुछ दिनों के दौरान प्रदेश के तापमान में भी करीब चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
न्यूज़ वाणी

News Wani