महोबा। पत्थर उद्योग नगरी कबरई में गुरूवार की देर रात एक डंपर के ऊपर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया, जिससे डम्पर में आग लग गई। आग लगते ही चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई और शोर मचाया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे दमकल विभाग की टीम ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक आग की चपेट में आने से डंपर पूरी तरह जलकर बर्बाद हो गया।
गुरूवार की रात 12 बजे के करीब कबरई क्षेत्र के डहर्रा स्थित महावीर ग्रेनाइट कंपनी का डम्पर (यूपी95एटी 4871) मकरबई पहाड़ से पत्थर लादकर कबरई की ओर आ रहा था। जैसे ही डंपर मकरबई रोड पर पहुंचा ही था कि अचानक ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन का एक तार टूटकर डम्पर पर गिर गया। हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही जोरदार स्पार्किंग हुई और डम्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। डंपर चालक मुकेश कुशवाहा ने आग बढ़ती देख सूझबूझ दिखाते हुए जलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।
चालक के शोर शराबा और आग की लपटे देख आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटना स्थल पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी थाना पुलिस और विद्युत विभाग को दी। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी कोशिश के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डम्पर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। गनिमत यह रही कि चालक समय रहते कूद गया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी को चोट नहीं आई।

News Wani