फतेहपुर। युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को जिला अस्पताल में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह की अध्यक्षता में जागरूकता गोष्ठी एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित हुआ। इसमें अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और आमजन ने तंबाकू मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया।
सीएमओ डॉ. यूबी सिंह ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग सहित कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से तंबाकू मुक्त जीवन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार ने अस्पताल आने वाले मरीजों और तीमारदारों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों की जानकारी देने पर जोर दिया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीके सिंह ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत जागरूकता और परामर्श से जुड़ी गतिविधियां लगातार संचालित की जाएंगी। जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार वर्मा ने तंबाकू सेवन से मुंह एवं फेफड़ों का कैंसर, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बताया।
उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शहाबुद्दीन ने युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने और उन्हें समय पर उचित परामर्श उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई।
उत्तर प्रदेश वॉलंटरी हेल्थ एसोसिएशन के रीजनल कोऑर्डिनेटर पुनीत कुमार श्रीवास्तव ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से अभियान के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तंबाकू का दुष्प्रभाव केवल सेवन करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इस समस्या को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों ने भाग लिया। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से सभी ने तंबाकू से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
News Wani
