लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में 31 अगस्त की रात एक युवती के गंभीर रूप से घायल होने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। युवती के पिता ने उसके लिव-इन पार्टनर पर बेटी को जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। हादसे के बाद से युवती अस्पताल में भर्ती है और करीब 21 दिन से कोमा में बताई जा रही है।
परिवार के मुताबिक, युवती लखनऊ में होटल मैनेजमेंट की इंटर्नशिप कर रही थी। 31 अगस्त की रात वह अपने पार्टनर प्रियांशु गुप्ता के साथ बाइक पर थी। देर रात हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार को घटना की जानकारी करीब पांच घंटे बाद सुबह 4 बजे दी गई।
अस्पताल पहुंचने के बाद सामने आया वीडियो
परिवार का कहना है कि अस्पताल पहुंचने पर प्रियांशु युवती का मोबाइल अपने पास रखे हुए था। मोबाइल मिलने के बाद उसमें एक वीडियो मिला। वीडियो में युवती हाथ जोड़कर और रोते हुए प्रियांशु से उसे जाने देने की गुहार लगाती दिखाई दे रही है।
पिता का आरोप है कि वीडियो की परिस्थितियों और हादसे के समय के बीच अंतर है। उन्होंने इसी आधार पर पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पार्टनर ने बताया- चलती बाइक से कूद गई थी युवती
प्रियांशु ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि युवती अपनी जिद पर उसके साथ बाहर निकली थी। उसके मुताबिक, रास्ते में युवती ने कई बार बाइक से कूदने का प्रयास किया और बाद में अचानक बाइक से कूद गई, जिससे वह घायल हो गई।
पुलिस ने उसके बताए घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की। पुलिस के अनुसार, फुटेज में दोनों के साथ जाने की बात सामने आई है, हालांकि जिस स्थान पर हादसा होने की जानकारी दी गई, वहां सीसीटीवी उपलब्ध नहीं मिला।
पिता ने पुलिस पर शिकायत बदलने का लगाया आरोप
युवती के पिता का कहना है कि उन्होंने पुलिस को नामजद शिकायत दी थी। उनके अनुसार, चौकी स्तर पर शुरुआती जांच के बाद घटना को गंभीर मानते हुए मुकदमा दर्ज करने की बात कही गई, लेकिन बाद में थाने में शिकायत की भाषा बदलवा दी गई।
परिवार ने पुलिस से वीडियो, मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कराने की मांग की है।
आधार कार्ड में नाम बदलने का भी आरोप
परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि युवती के आधार कार्ड में उसके नाम के साथ उपनाम और पिता के नाम में बदलाव कराया गया था। पिता का दावा है कि इस मामले की भी जांच की जानी चाहिए।
पुलिस बोली- आरोपों की जांच जारी
सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मामले में सड़क हादसे का मुकदमा दर्ज है और युवक से पूछताछ की जा चुकी है। पुलिस युवती के होश में आने का इंतजार कर रही है।
डीसीपी साउथ मोहम्मद मुस्ताक के अनुसार, युवती और युवक के साथ रहने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल घटना प्रथम दृष्टया हादसे जैसी प्रतीत हो रही है, लेकिन युवती के पिता की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
