Breaking News

लखनऊ में 68,500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, BJP कार्यालय में घुसे: 5% छूट और संशोधित चयन सूची की मांग; पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

लखनऊ। 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने गुरुवार को लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय में पहुंचकर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी जमीन पर लेटकर नारेबाजी करते नजर आए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने सिर पर ‘आरक्षण घोटाला’ लिखी टोपी पहन रखी थी और सीटी बजाकर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जबरन हटाने, कपड़े फाड़ने और अभद्रता करने के आरोप लगाए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाकर हिरासत में लिया और इको गार्डन भेज दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में दिव्यांग अभ्यर्थी भी शामिल रहे।

अभ्यर्थियों की मुख्य मांग 2018 की 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण से जुड़े प्रावधानों को लागू करने और 5 प्रतिशत छूट के आधार पर संशोधित चयन सूची जारी करने की है।

8 साल से भर्ती प्रक्रिया के समाधान का इंतजार

प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2018 में 68,500 सहायक शिक्षकों की भर्ती निकाली गई थी। उनके मुताबिक भर्ती में दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 5 प्रतिशत छूट का प्रावधान था, लेकिन इसका लाभ नहीं मिलने का आरोप है।

अभ्यर्थियों की मांग है कि 150 अंकों की परीक्षा में 40 प्रतिशत यानी 60 अंक को आधार मानकर परिणाम में संशोधन किया जाए और नई चयन सूची जारी की जाए।

सीतापुर से पहुंचे एक अभ्यर्थी ने कहा कि वे पिछले करीब 8 वर्षों से भर्ती के समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं। उनका कहना है कि संबंधित आयोगों के आदेशों के अनुसार आरक्षण संबंधी नियमों को लागू किया जाना चाहिए।

पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने आरक्षण और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर नारे लगाए। पुलिस ने उन्हें कार्यालय परिसर से हटाने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हुई।

बस्ती से आए एक अभ्यर्थी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ बदसलूकी की और उनके कपड़े फाड़े। वहीं, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में समाधान की मांग को लेकर अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

About NW-Editor

Check Also

लोहिया संस्थान में सफाई कर्मियों का हंगामा, प्रशासनिक भवन का घेराव; दो कर्मचारियों से मारपीट का आरोप

लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में मंगलवार सुबह सफाई कर्मियों ने प्रशासनिक भवन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *