लखनऊ:रामसनेहीघाट बाराबंकी। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में रविवार को आयोजित संविधान संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता परिवर्तन चाहती है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय महासचिव-प्रभारी उ0प्र0 अविनाश पाण्डेय जी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मा0 श्री अजय राय जी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता श्रीमती आराधना मिश्रा ‘‘मोना’’, राष्ट्रीय सचिव, सह प्रभारी धीरज गुर्जर मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन अब्दुल्लाह शेर खान ने किया।

संविधान संवाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे ने कहा कि संविधान संवाद कार्यक्रम पूरे प्रदेश में शुरू किया गया है जिसके माध्यम से लोगों को मौजूदा सरकार द्वारा संविधान पर किए जा रहे हमले से अवगत कराया जा रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी संसद से लेकर सड़क तक संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए लोगों को जागरुक कर रहे हैं जिसका असर 2024 के लोकसभा चुनाव में देखने को मिलाश्री पाण्डेय ने कहा कि भाजपा 400 पार सिर्फ इसलिए चाहती थी कि यदि यह 2 तिहाई बहुमत मिल गया तो संविधान बदलने के उनके नापाक मंसूबे कामयाब हो जाऐंगे। परंतु देश व प्रदेश की जनता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए कार्यक्रम आयोजक अब्दुल्लाह शेर खान को धन्यवाद देते हुए उपस्थित कार्यकर्ताओं से आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकने का आवाहन किया।

कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि जनता अब बदलाव के मूड में है और “हमारा वोट हमारी ताकत” के संकल्प के साथ प्रदेश की जनता भाजपा के मंसूबों को विफल कर कांग्रेस को भारी बहुमत दिलाएगी श्री अजय राय ने आरोप लगाया कि जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग हुआ है और बैंकिंग प्रणाली से जुड़े बड़े घोटालों में शामिल लोगों को संरक्षण मिला। उन्होंने कहा कि देश से फरार आर्थिक अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, जबकि सत्ता बदलने पर ऐसे सभी आरोपियों को वापस लाकर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने धार्मिक स्थलों पर बाहरी व्यापारियों के वर्चस्व का मुद्दा भी उठाते हुए स्थानीय हितों की अनदेखी का आरोप लगाया।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता श्रीमती आराधना मिश्रा ‘‘मोना’’ ने देवा महादेवा एवं पारिजात की धरती को नमन करते हुए कहा कि यह जनपद रफी अहमद किदवाई जैसे क्रांतिकारियों की जन्मस्थली है, उन्होंने कहा कि आज हम यदि खड़े होकर बोल रही हैं तो यह बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान की ताकत है। बाराबंकी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि क्रांतिकारियों की धरती रही है और संविधान की बदौलत ही आम आदमी सम्मानपूर्वक जीवन जी पा रहा है। उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. भसमा प्रसाद मिश्रा ने की तथा संचालन शारिक अली शालू ने किया। आयोजक अब्दुल्लाह शेर खान ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि आभार वीरेंद्र प्रताप सिंह ने व्यक्त किया। इस दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन चेतनारायण राजेंद्र प्रताप सिंह दयानंद शुक्ला रामदास वर्मा भानु वर्मा विनय मिश्रा मनीष रावत अकील अहमद मोहम्मद शरीफ विकास वर्मा सहित तमाम नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान आयोजक अब्दुल्ला शेर खान ने क्षेत्र के आधा दर्जन मृत हो चुके वरिष्ठ कांग्रेसी जनों के परिजनों को उनका चित्र प्रदान कर सम्मानित कराया।
News Wani
