Breaking News

साजिश का खुलासा: फर्जी बैनामे का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

– खागा पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी पहले जा चुके हैं जेल
– पुलिस टीम की गिरफ्त में मास्टरमांइड।
फतेहपुर। जमीन के फर्जी बैनामे और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक और वांछित आरोपी को खागा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी अभिलेख तैयार कर जमीन का अवैध तरीके से बैनामा कराया था। पूछताछ में आरोपी ने पूरे षड्यंत्र का खुलासा करते हुए अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खागा पुलिस ने मुकदमा संख्या 84/2026 में वांछित अभियुक्त रवि कुमार पुत्र कंचनलाल, निवासी शिशु मंदिर कॉलोनी भरवारी थाना कोखराज जनपद कौशांबी को आरटीओ कार्यालय के पास ग्राम कोर्रई थाना मंझनपुर कौशांबी से गिरफ्तार किया। रविवार को उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया। पुलिस पूछताछ में रवि कुमार ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर खागा कस्बे स्थित एक भूमि के संबंध में फर्जी दस्तावेज तैयार कराए। उसने अपने साथी हीरालाल को असली भू-स्वामी योगेन्द्र दत्त त्रिपाठी बनाकर कूटरचित कागजात तैयार कराए और उसी के आधार पर जमीन का बैनामा पहले संजय कुमार के नाम कराया। इसके करीब 25 दिन बाद उसी जमीन का दोबारा बैनामा संजय कुमार से अपने नाम करा लिया। आरोपी ने पूरे घटनाक्रम में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि इसी मामले में 4 अप्रैल 2026 को संजय कुमार और विवेचना के दौरान प्रकाश में आए हीरालाल को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा चुका है। अब तीसरे आरोपी रवि कुमार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गिरोह के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई को वरिष्ठ उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार यादव, उपनिरीक्षक प्रमेश यादव एवं थाना खागा पुलिस टीम ने अंजाम दिया।

About NW-Editor

Check Also

सिंचाई विभाग की लापरवाही से सूख रहीं किसानों की उम्मीदें

– बीस दिनों से बंद सरकारी नलकूप, 18 बीघा गन्ना व धान की नर्सरी पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *