फतेहपुर। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक सूचना जारी करते हुए लोगों से सतर्क एवं सावधान रहने की अपील की है। प्रशासन की ओर से जारी जनहित संदेश में विशेष रूप से कच्चे एवं जर्जर मकानों, पुरानी दीवारों तथा जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से कहा है कि गिरने की संभावना वाली जगहों पर न बैठें और न ही ऐसे भवनों में रहें, जिनकी स्थिति कमजोर हो। बारिश के दौरान मकानों और दीवारों के गिरने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सावधानी बरतना जरूरी है।
जनहित सूचना में जलभराव से बचाव को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं। लोगों से जलभराव वाले कमरों एवं घरों का उपयोग न करने तथा फर्नीचर और कीमती सामान को ऊंचे स्थानों पर रखने की अपील की गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने कहा है कि यदि कहीं मकान गिरने, दुर्घटना अथवा किसी अन्य जनहानि की स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल पुलिस अथवा राजस्व टीम को सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया जा सके। पुलिस हेल्पलाइन 112 और 100 पर भी सूचना देने की अपील की गई है।
लगातार बारिश के बीच फतेहपुर में प्रशासन की ओर से जारी यह अपील लोगों को संभावित हादसों से बचाने और आपदा की स्थिति में त्वरित सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।
हालिया बारिश के कारण जनपद में प्राथमिक कक्षाओं के विद्यालयों में अवकाश घोषित किए जाने की सूचना भी सामने आई है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। साथ ही प्रशासन ने इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया है।
News Wani
