मुजफ्फरनगर में पत्नी ने पति को कॉफी में जहर दे दिया। वजह यह है कि युवक पत्नी को बॉयफ्रेंड से बात करने के लिए मना करता था। देर रात ऑफिस से लौटने के बाद युवक ने पत्नी से कॉफी मांगी। रात साढ़े 10 बजे पत्नी ने उसे कॉफी लाकर दी। कॉफी पीने के बाद उसे उल्टी होने लगी। घरवालों ने उसे खतौली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।
सीओ राम आशीष यादव ने बताया कि अनुज शर्मा और पिंकी की शादी 2 साल पहले हुई थी। दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। इसके चलते पत्नी पिंकी मायके में रहती थी। 15 दिन पहले ही ससुराल आई थी। अनुज की बहन ने पिंकी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मामला खतौली कोतवाली के भंगेला गांव का है। भंगेला निवासी किसना ताराचंद के दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।
बड़े बेटे अनुज की शादी 2 साल पहले गाजियाबाद के फरूकनगर निवासी पिंकी उर्फ सना से हुई थी। अनुज मेरठ के एक निजी अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट है। अनुज की बड़ी बहन मीनाक्षी ने बताया- पिंकी का अपने ताऊ की लड़की के बेटे से अफेयर चल रहा था, लेकिन उसने घरवालों के दबाव में शादी कर ली थी। शादी के बाद भी चोरी-छिपे लड़के से बात करती थी। ये बात अनुज को किसी तरह से पता चल गई।
अनुज ने पिंकी का मोबाइल चेक किया तो उसमें कई आपत्तिजनक मैसेज मिले। उसने पिंकी को बॉयफ्रेंड से बात करने से मना किया। इससे दोनों के बीच विवाद हो गया। पिंकी अपने मायके चली गई। अनुज ने पिंकी के घरवालों से भी शिकायत की, लेकिन उन्होंने भी पिंकी को कुछ नहीं कहा। इसके बाद भाई ने मामले की शिकायत महिला आयोग में की। महिला आयोग ने दोनों पक्षों से बात की। उस दौरान पिंकी ने कहा था- मैं साथ रहने को तैयार हूं। महिला आयोग के दबाव में पिंकी 15 दिन पहले ससुराल वापस आई।
बहन ने बताया- ससुराल लौटने के बाद पिंकी ने अपनी सास को धमकी दी थी कि मैं कुछ विशेष मकसद से लौटकर आई हूं। इस पर सास ने पूछा कि कौन सा मकसद? जवाब में पिंकी ने कहा था कि ये तो वक्त आने पर पता चल जाएगा। इसके बाद मंगलवार रात को उसने अनुज को कॉफी में जहर मिलाकर पिला दिया।
बहन ने बताया- भाई का मेरठ में इलाज चल रहा है। अब तक पिंकी का परिवार (मायका पक्ष) अनुज को देखने तक नहीं आया है। यहां तक कि एक कॉल करके हालचाल तक नहीं लिया। घटना के बाद पिंकी भी पुलिस थाने से अपने मायके चली गई। सीओ खतौली रामाशीष यादव ने बताया कि 25 मार्च को सूचना मिली कि पत्नी ने पति को कॉफी में मिलाकर जहर दे दिया। पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों की तहरीर पर पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।