फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के दूधी कगार के समीप एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद चार को घर भेज दिया गया, जबकि दो घायलों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार, कल्यानपुर थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी राजू निषाद की 45 वर्षीय पत्नी सरोज देवी और उनके भतीजे जगदीश के 27 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार गांव के अन्य लोगों के साथ ई-रिक्शा से किसी कार्य के लिए निकले थे। जैसे ही उनका रिक्शा दूधी कगार के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को तत्काल गोपालगंज सीएचसी पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को घर भेज दिया, जबकि नीरज कुमार और सरोज देवी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

News Wani