न्यूज़ वाणी ब्यूरो, महोबा।
जिले के चरखारी स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार से चना बीज की बोरियां पिकअप वाहन में लादकर ले जाने के मामले में हड़कंप मच गया। सरकारी बीज की कथित कालाबाजारी की शिकायत पर चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत मौके पर पहुंचे। वहां 100 बोरियों से लदी पिकअप मिलने पर उन्होंने गोदाम प्रभारी से बीज को भेजने के संबंध में जानकारी मांगी। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विधायक ने गोदाम प्रभारी को थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही कृषि विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। पिकअप में लदी चना बीज की 100 बोरियों को जांच के दायरे में लिया गया। प्रत्येक बोरी में 32 किलोग्राम बीज था। इस तरह वाहन में कुल 3,200 किलोग्राम चना बीज लदा हुआ था, जिसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है और गोदाम प्रभारी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे विधायक
जानकारी के अनुसार, मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव ने राजकीय कृषि बीज भंडार से सरकारी चना बीज को संदिग्ध तरीके से बाहर भेजे जाने की शिकायत की थी। इसके बाद विधायक बृजभूषण राजपूत अपने समर्थकों के साथ गोदाम पहुंचे। आरोप है कि किसानों को निःशुल्क वितरण के लिए उपलब्ध बीज को पिकअप में लादकर ले जाया जा रहा था।
विधायक ने गोदाम प्रभारी से पूछा कि बीज किसके आदेश पर और कहां भेजा जा रहा है। जवाब स्पष्ट नहीं मिलने पर उन्होंने जिला कृषि अधिकारी से फोन पर जानकारी ली। जिला कृषि अधिकारी ने कथित तौर पर बताया कि बीज भेजने के संबंध में उनकी ओर से कोई आदेश नहीं दिया गया था। इसके बाद विधायक नाराज हो गए और उन्होंने गोदाम प्रभारी को थप्पड़ मार दिया।
बिना अनुमति बीज भेजने की जांच
अपर जिलाधिकारी इंद्रनंदन सिंह के मुताबिक, राजकीय कृषि बीज भंडार चरखारी से पिकअप में चना बीज को बिना आवश्यक जानकारी और अनुमति के दूसरे स्थान पर भेजे जाने की सूचना मिली थी। इस पर जिला कृषि अधिकारी को तत्काल मौके पर जांच के लिए भेजा गया।
जांच के दौरान वाहन चालक राजाराम ने बताया कि उसे गोदाम प्रभारी सोने सिंह, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राधेश्याम साहू और कार्यालय उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी की ओर से बीज को कुलपहाड़ स्थित बीज गोदाम तक पहुंचाने के लिए बुलाया गया था।
प्रशासन के अनुसार, एक राजकीय कृषि बीज भंडार से दूसरे बीज भंडार तक बीज भेजने या प्राप्त करने के लिए जिला स्तर से अनुमति आवश्यक है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों की ओर से बीज भेजने की अनुमति से संबंधित जानकारी प्रस्तुत नहीं की गई। इसी आधार पर मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई शुरू की गई है।
एफआईआर और निलंबन की कार्रवाई के आदेश
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि बीज को अन्यत्र बिक्री के उद्देश्य से भेजे जाने की आशंका की जांच की जा रही है। मामले में गोदाम प्रभारी सोने सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के भी आदेश दिए गए हैं।
प्रशासनिक जांच में यह पता लगाया जाएगा कि चना बीज किस उद्देश्य से भेजा जा रहा था, इसके लिए निर्धारित अनुमति ली गई थी या नहीं और इस मामले में कौन-कौन जिम्मेदार है। फिलहाल पुलिस और कृषि विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
News Wani
