फतेहपुर। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत रविवार को पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पुरुषों, महिलाओं और बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और इसकी रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई।
प्रभारी मिशन शक्ति उपनिरीक्षक प्रीति कटियार और मिशन शक्ति टीम ने लोगों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में स्क्रीन के माध्यम से लघु फिल्म दिखाकर बाल विवाह के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। साथ ही लोगों से बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं सहायता के लिए वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन पुलिस सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने बताया कि हिंसा, उत्पीड़न या किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

News Wani