Breaking News

मेक्सिको सिटी में गैस टैंकर धमाका: 57 झुलसे, 18 वाहन जलकर राख

मेक्सिको सिटी की सड़कों पर बुधवार का दिन दहशत और चीख-पुकार से भर गया. राजधानी के दक्षिणी हिस्से में एक गैस टैंकर ट्रक अचानक पलट गया और देखते ही देखते जबरदस्त धमाके के साथ फट पड़ा. पूरे इलाके में आग और धुएं का गुबार छा गया. इस भयानक हादसे में कम से कम 57 लोग घायल हो गए, जिनमें से 19 की हालत गंभीर बताई जा रही है. कई घायलों के पूरे शरीर पर जलन के निशान हैं और वे सड़क पर फटे कपड़ों में मदद के इंतजार में पड़े दिखे. मेक्सिको सिटी की मेयर क्लारा ब्रुगाडा ने इस घटना को ‘इमरजेंसी’ घोषित किया.

उन्होंने बताया कि इस धमाके में 18 वाहन जलकर खाक हो गए. राहत की बात यह रही कि अब तक किसी की मौत नहीं हुई है. घायलों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. हादसे की जांच शुरू हो चुकी है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, गैस टैंकर ट्रक हाईवे पर पलटने के बाद विस्फोट हुआ. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में आग का विशाल गुबार उठता दिख रहा है, लोग चीखते-भागते नजर आ रहे हैं. एक वीडियो में दो लोग पूरी तरह झुलसे दिखाई दे रहे हैं, उनके कपड़े शरीर से चिपक गए थे और हालत बेहद दर्दनाक थी.
सरकार के सचिव सेसर क्राविओटो ने बयान में कहा कि ‘आग पूरी तरह काबू में है.’ हादसे वाली जगह पर ‘सिल्जा’ नामक ऊर्जा कंपनी का लोगो दिखाई दिया, लेकिन कंपनी के एक अधिकारी ने दावा किया कि यह उनका वाहन नहीं है, क्योंकि वे सिर्फ उत्तरी मेक्सिको में काम करते हैं. मेयर ब्रुगाडा खुद मौके पर पहुंचीं और दमकलकर्मियों व मेडिकल टीमों का साथ दिया फायर फाइटर्स लगातार पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे. यह धमाका उस हाईवे पर हुआ, जो मेक्सिको सिटी को पुएब्ला शहर से जोड़ता है. हादसे के बाद कई घंटे तक यह सड़क बंद रही, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया. हालांकि, शाम तक रास्ता दोबारा खोल दिया गया और हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे. इस भयंकर हादसे ने एक बार फिर गैस टैंकरों की सुरक्षा और सड़कों पर लापरवाही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

About NW-Editor

Check Also

PTI का अलर्ट: इमरान खान को जेल में तुरंत इलाज नहीं मिला तो हो सकते हैं अंधे

पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बुधवार को अदियाला जेल में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *