– छात्राओं ने समूहों में अभ्यास कर अपनी क्षमता का किया प्रदर्शन
– समूह अभ्यास में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करतीं छात्राएं।
फतेहपुर। डॉ भीमराव अंबेडकर महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित रेंजर्स कैंप के दूसरे दिन छात्राओं को विविध व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। द्वितीय दिवस का मुख्य आकर्षण विभिन्न प्रकार की गांठों (नॉट्स) का प्रशिक्षण रहा। प्रशिक्षकों ने छात्राओं को रीफ नॉट, शीट बेंड, क्लोव हिच, बोलाइन नॉट तथा फिशरमैन नॉट आदि गांठों के विषय में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही टेंट बांधने, बचाव कार्य एवं आपातकालीन परिस्थितियों में रस्सी के सही उपयोग का व्यवहारिक अभ्यास भी कराया गया। छात्राओं ने समूहों में अभ्यास कर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। दोपहर सत्र में व्यक्तित्व विकास, प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता के विकास पर विशेष बल दिया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि रेंजर्स गतिविधियां युवाओं में सेवा भावना, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं। रेंजर्स प्रभारी डॉ. अनुष्का छौंकर ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से छात्राएं आपात परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ कार्य करने में सक्षम बनती हैं। कार्यक्रम में सदस्य डॉ. ज़िया तसनीम एवं श्री आनंद नाथ का विशेष सहयोग रहा। रेंजर्स कैंप का द्वितीय दिवस कौशल विकास एवं सामाजिक जागरूकता की दृष्टि से सफल एवं प्रेरणादायक रहा। इस अवसर पर प्रो0 शकुन्तला, प्रो0 लक्ष्मीना भारती, डॉ0 चारू मिश्रा, डॉ0 शरद चंद्र राय, रमेश सिंह, डॉ0 मधुलिका श्रीवास्तव, डॉ0 बृजेश कुमार पाल सहित समस्त महाविद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। शिविर के दूसरे दिन का समापन राष्ट्रहित एवं सामाजिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता के संदेश के साथ किया गया।

News Wani