मुंबई। गणेश उत्सव के बीच अभिनेता गोविंदा मंगलवार शाम मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार भी नजर आईं। दोनों ने पंडाल में पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और प्रसाद चढ़ाया। दर्शन के बाद पुजारी ने दोनों को तिलक लगाया।
गोविंदा और कोमल रानी के एक साथ लालबागचा राजा पहुंचने का वीडियो सामने आने के बाद दोनों के कथित रिश्ते को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। खास बात यह रही कि गोविंदा और कोमल के पहुंचने से कुछ समय पहले ही गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा भी लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंची थीं। सुनीता इस दौरान अकेली थीं और उनके साथ सिक्योरिटी टीम मौजूद थी।
दर्शन के बाद गोविंदा ने पंडाल के बाहर मौजूद प्रशंसकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। वहीं, गणपति उत्सव में मंगलवार को कई अन्य फिल्मी सितारे भी भगवान गणेश के दर्शन करने पहुंचे।
अनन्या पांडे ने पिता चंकी पांडे के साथ किए दर्शन
लालबागचा राजा के दरबार में अभिनेत्री अनन्या पांडे अपने पिता चंकी पांडे के साथ पहुंचीं। दोनों ने भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
इसके अलावा क्रिस्टल डिसूजा और रित्विक धनजानी, ईशा मालवीय और अभिनेता गुरप्रीत भी गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने पहुंचे। अभिनेता संजय दत्त भी पत्नी मान्यता दत्त के साथ दर्शन करने पहुंचे।
सुनीता और गोविंदा के रिश्ते को लेकर पहले भी रही चर्चा
गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार चर्चाएं रही हैं। सुनीता ने दिसंबर 2024 में गोविंदा के खिलाफ तलाक की अर्जी दाखिल की थी। हालांकि, 19 अगस्त को उन्होंने यह याचिका वापस ले ली।
इसी दौरान सुनीता ने गोविंदा और कोमल रानी को लेकर भी कई दावे किए थे। उनका कहना था कि तलाक के बाद गोविंदा कोमल से शादी करने की तैयारी में थे। इन दावों के बाद दोनों के कथित रिश्ते को लेकर चर्चाएं और बढ़ गई थीं।
गोविंदा ने कोमल रानी का किया था बचाव
कोमल रानी के साथ गोविंदा की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद सुनीता की कुछ टिप्पणियां भी चर्चा में रही थीं। इसके बाद गोविंदा ने सार्वजनिक रूप से कोमल का बचाव करते हुए कहा था कि किसी नए कलाकार को इस तरह बदनाम या अपमानित नहीं किया जाना चाहिए।
गोविंदा ने यह भी कहा था कि उनके निजी और पेशेवर जीवन को लेकर लगातार टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने सुनीता से अपनी सीमाओं का ध्यान रखने की अपील की थी।
सुनीता ने गोविंदा के पुराने अफेयर्स का भी किया था जिक्र
सुनीता आहूजा ने एक इंटरव्यू और रियलिटी शो के दौरान गोविंदा के कथित पुराने अफेयर्स का भी जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि गोविंदा की जवानी के दौरान उन्हें लेकर कई तरह की चर्चाएं रही थीं, जिन्हें उन्होंने उस समय नजरअंदाज किया था।
सुनीता और गोविंदा की शादी साल 1987 में हुई थी। दोनों ने शुरुआती दौर में अपनी शादी को सार्वजनिक नहीं किया था। बाद में बेटी टीना आहूजा के जन्म के बाद उन्होंने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया। दोनों का एक बेटा यशवर्धन आहूजा भी है।
गोविंदा और सुनीता की बेटी टीना आहूजा ने 2015 में फिल्म ‘सेकंड हैंड हसबैंड’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। वहीं, उनके बेटे यशवर्धन के भी जल्द फिल्मी दुनिया में आने की चर्चा है।
News Wani
