Breaking News

खादी ग्रामोद्योग मेले में भव्य कवि सम्मेलन संपन्न; कई जिलों से आए कवियों ने देर रात तक बांधा समां

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। खादी ग्रामोद्योग मेले में साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी योगेंद्र पटेल के आमंत्रण पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद बांदा सहित विभिन्न जिलों से आए प्रतिष्ठित कवियों और रचनाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा।

कार्यक्रम का संयोजन डॉ. राजेन्द्र तिवारी ‘स्वदेश’ ने किया, जबकि मंच का कुशल संचालन डॉ. राजेश तिवारी ‘रंजन’ ने किया। सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ. चंदिका प्रसाद दीक्षित ‘ललित’ ने की। कवि सम्मेलन में हास्य, व्यंग्य, श्रृंगार, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं की शानदार प्रस्तुति देखने को मिली।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कवि आर.सी. योगा ने मेले की रौनक और उत्साह को हास्य रचना के माध्यम से प्रस्तुत करते हुए श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। उनकी पंक्ति ‘मेले में आए हो तो टहलते-टहलते कुछ ले लो’ पर लोगों ने जमकर सराहना की। वहीं वरिष्ठ कवयित्री अम्बे तिवारी ने बेटियों के सम्मान और उनके गौरव को समर्पित रचना ‘बेटियाँ गुमान हैं हमारा’ प्रस्तुत कर सामाजिक संदेश दिया।

चित्रकूट से पहुंचे कवि दिनेश दीक्षित ‘संघर्षी’ ने पिता के त्याग, संघर्ष और निस्वार्थ प्रेम को अपनी भावपूर्ण रचना के माध्यम से व्यक्त किया। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। डॉ. राजेन्द्र तिवारी ‘स्वदेश’ ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रचना ‘जय हिंद, हम वंदे मातरम् मरते-मरते कहते हैं’ के जरिए देशप्रेम की भावना को प्रकट किया।

प्रसिद्ध गजलकारा प्रियंका त्रिपाठी ‘अतर्रा’ ने ‘हमारे दिल में हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। वरिष्ठ कवि एवं छंदकार ठाकुरदास शर्मा ‘पंछी’ ने ‘समुद्र मंथन तो हो चुका, मन मंथन है शेष’ जैसी प्रभावशाली रचना सुनाकर श्रोताओं को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित किया।

वहीं डॉ. राजेश तिवारी ‘रंजन’ ने ‘एक दिया शहीदों के नाम जलाएँ’ की भावपूर्ण प्रस्तुति से देश के वीर सपूतों को नमन किया। उनके अन्य छंदों ने भी कार्यक्रम में साहित्यिक ऊर्जा का संचार किया।

कवि सम्मेलन में एक के बाद एक प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों के साथ कवियों का उत्साहवर्धन किया। पूरे आयोजन में हास्य, व्यंग्य, सामाजिक चेतना, मानवीय संवेदना और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

इस अवसर पर जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी योगेंद्र पटेल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में इस तरह का शानदार कवि सम्मेलन पहली बार आयोजित हुआ है। उनकी इस प्रतिक्रिया से उपस्थित कवियों और साहित्यकारों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर अध्यक्ष डॉ. चंदिका प्रसाद दीक्षित ‘ललित’ ने अपने सारगर्भित अध्यक्षीय उद्बोधन से आयोजन को गरिमा प्रदान की। उन्होंने साहित्य की सामाजिक भूमिका और सकारात्मक विचारों के महत्व को रेखांकित किया। उनके विचारों ने उपस्थित साहित्यकारों और श्रोताओं को प्रेरित किया।

अंत में यह कवि सम्मेलन केवल मनोरंजन तक सीमित न रहकर साहित्य, संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक चेतना का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। आयोजकों, संयोजकों और साहित्यकारों के सामूहिक प्रयासों से खादी ग्रामोद्योग मेले की यह साहित्यिक संध्या यादगार बन गई।

About NW-Editor

Check Also

जन्मदिन पर सेवा और सम्मान की मिसाल, वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच बांटी खुशियां

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। जन्मदिन मनाने के लिए लोग अक्सर केक काटकर और पार्टी आयोजित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *