Breaking News

“Grok AI विवाद पर X की बड़ी कार्रवाई: एलन मस्क की कंपनी ने मानी गलती, 3500 पोस्ट ब्लॉक, 600 अकाउंट डिलीट”

सोशल मीडिया की दुनिया में बीते कुछ दिनों से जिस मामले को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे, उस पर अब साफ तस्वीर सामने आने लगी है। एलन मस्क की कंपनी X ने आखिरकार अपनी गलती मानी है और कहा है कि वह भारतीय कानून का पूरी तरह पालन करेगी। ANI ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया कि प्लेटफॉर्म ने आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

हजारों पोस्ट ब्लॉक, सैकड़ों अकाउंट हटाए गए

सरकारी सूत्रों के अनुसार, X ने अब तक करीब 3,500 आपत्तिजनक कंटेंट को ब्लॉक किया है और 600 से ज्यादा अकाउंट्स को डिलीट किया गया है। इतना ही नहीं, कंपनी ने यह भी भरोसा दिलाया है कि आगे से अश्लील तस्वीरों और सामग्री को प्लेटफॉर्म पर जगह नहीं दी जाएगी। सरकार की सख्ती के बाद यह कदम काफी अहम माना जा रहा है।  हाल के दिनों में X से जुड़ा AI चैटबॉट Grok लगातार विवादों में रहा है। आरोप थे कि इस टूल के जरिए आपत्तिजनक और यौन सामग्री तैयार की जा रही है। खासतौर पर महिलाओं की अश्लील AI-जनरेटेड तस्वीरों को लेकर चिंता बढ़ी, जिसके बाद भारत ही नहीं बल्कि कई दूसरे देशों में भी सवाल उठने लगे।

आईटी मंत्रालय की सख्त चेतावनी

2 जनवरी को मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी ने X को साफ निर्देश दिए थे कि वह ग्रोक AI से जुड़े सभी अश्लील, आपत्तिजनक और गैरकानूनी कंटेंट को तुरंत हटाए। मंत्रालय ने यह भी कहा था कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। PTI की रिपोर्ट के अनुसार, 7 जनवरी को सरकार ने X से यह भी पूछा था कि अब तक क्या-क्या कदम उठाए गए हैं और आगे ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या व्यवस्था की गई है। हालांकि X की ओर से भेजी गई शुरुआती रिपोर्ट को सरकार ने पर्याप्त नहीं माना था। इसके बाद दबाव और बढ़ा और अब प्लेटफॉर्म की तरफ से ठोस कार्रवाई देखने को मिल रही है।

अवैध कंटेंट पर सख्त एक्शन का दावा

X ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि वह चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज मटीरियल जैसे गंभीर अपराधों पर बिल्कुल भी नरमी नहीं बरतेगा। ऐसे कंटेंट को हटाने के साथ-साथ जुड़े अकाउंट्स को स्थायी रूप से सस्पेंड किया जाएगा। कंपनी का कहना है कि यूजर्स की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है।

दुनिया भर में ग्रोक पर सवाल

ग्रोक AI को लेकर सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि ब्राजील, फ्रांस, जर्मनी, मलेशिया और अमेरिका में भी जांच की मांग उठी है। इंडोनेशिया ने तो 10 जनवरी को इसे अस्थायी रूप से ब्लॉक भी कर दिया। अमेरिका में कुछ सीनेटरों ने ऐप स्टोर्स से इसे हटाने की मांग तक कर दी है।

GROK क्या है?

ग्रोक को 2023 में लॉन्च किया गया था। बाद में इसमें इमेज जनरेशन फीचर जोड़ा गया था। X प्लेटफॉर्म पर यह चैटबॉट यूजर्स के लिए फ्री है, जबकि अलग ग्रोक ऐप पर अभी भी इमेज बनाने की सुविधा मौजूद है। सरकार की सख्ती और अंतरराष्ट्रीय दबाव के बाद अब सभी की नजरें इस पर है कि X और ग्रोक आगे कितना पारदर्शी और जिम्मेदार रवैया अपनाते हैं। फिलहाल इतना साफ है कि भारत में नियमों को नजरअंदाज करना अब आसान नहीं रहेगा।

About NW-Editor

Check Also

ऑपरेशन सिंदूर पर IAF का बड़ा खुलासा: किराना हिल्स हमले की सच्चाई VIDEO में आई सामने

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना की ताकत को दर्शाने वाले नए वीडियो ने इस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *