शामली। उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार देर शाम हरियाणवी सिंगर और अभिनेता अंकित बालियान की सनसनीखेज हत्या कर दी गई। आर्यपुरी नाला पटरी स्थित जिम से बाहर निकलकर जैसे ही अंकित अपनी स्कार्पियो में बैठे, बाइक सवार चार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में अंकित को सिर, छाती और पेट में पांच गोलियां लगीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले जिम में अंकित के मोबाइल पर किसी व्यक्ति की कॉल आई थी। फोन पर उनकी तीखी बहस हुई थी। इसके कुछ देर बाद वह जिम से बाहर निकले और कार में बैठे। तभी चार हमलावरों ने कार का गेट खोलकर उन पर गोलियां चला दीं। फायरिंग में कुछ गोलियां कार के शीशे में भी लगीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने 20 से अधिक राउंड फायर किए और वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए। गोली लगने के बाद अंकित कार से नीचे गिर गए। परिचित उन्हें तत्काल शामली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
हत्या के बाद सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
अंकित की हत्या की खबर मिलते ही उनके परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। अंकित की मां बेटे का सिर गोद में रखकर बैठ गईं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। देर रात करीब 12 बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ। तनाव को देखते हुए शामली शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई।
रंगदारी मांगने के आरोप वाले वीडियो की भी जांच
शामली के एसपी एनपी सिंह के अनुसार, करीब एक महीने पहले अंकित का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने दावा किया था कि हरियाणा के कुछ लोग उनसे रंगदारी मांग रहे हैं, लेकिन वह रंगदारी नहीं देंगे और ईमानदारी से काम करते रहेंगे। पुलिस हत्या की जांच में इस बिंदु को भी शामिल कर रही है।
जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी में थे अंकित
अंकित बालियान मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। पिछले कुछ समय से वह परिवार के साथ गांव में रह रहे थे। इससे पहले वह सोनीपत और रोहतक में भी रहे। वह जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे और वार्ड नंबर तीन से संभावित प्रत्याशी के रूप में उनके पोस्टर भी लगाए गए थे।
अंकित ने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सिंगर और अभिनेता के तौर पर पहचान बनाई थी। उनका चर्चित गाना ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ भी काफी लोकप्रिय हुआ था। वह 20 से अधिक नए हरियाणवी गानों पर काम कर रहे थे, जिन्हें आने वाले समय में रिलीज किया जाना था।
पुलिस की कई टीमें हत्यारोपियों की तलाश में
वारदात के बाद पुलिस ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस समेत कई टीमों को लगाया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल हत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
News Wani
