फतेहपुर। सांसद नरेश चन्द्र उत्तम पटेल की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सांसद ने कहा कि सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों को उनका लाभ मिल सके।
बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, समग्र शिक्षा, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, खेलो इंडिया, ई-श्रम पोर्टल, प्रधानमंत्री जन धन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, एक जनपद-एक उत्पाद सहित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी पुष्टि की गई।
सांसद ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कराए जा रहे एवं पूर्ण हो चुके विकास कार्यों की रिपोर्ट से जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए। जनपद में स्वीकृत सड़कों के निर्माण कार्य निर्धारित समय में मानक के अनुरूप पूरे कराए जाएं। साथ ही गड्ढायुक्त मार्गों को संबंधित कार्यदायी संस्थाएं नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गड्ढामुक्त कराएं, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
समिति के सदस्यों ने आईजीएल कंपनी द्वारा गैस पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं कराए जाने का मामला उठाया। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी को संबंधित कार्यदायी संस्था से समन्वय स्थापित कर सड़कों को मोटरेबल कराने के निर्देश दिए गए। नेशनल हाईवे के अधिकारियों को खराब सर्विस रोड एवं जलभराव की समस्या का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण कराने को कहा गया।
बैठक में आईटीआई जहानाबाद का संचालन जल्द से जल्द शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण से अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ने के लिए क्षेत्र एवं नगर पंचायत की बैठकों में इसे एजेंडे में शामिल करने को कहा गया। कृषि प्रबंधन एजेंसी एवं परंपरागत कृषि विकास योजना के तहत पूर्व में लाभान्वित लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सांसद ने किसानों के नलकूप बोरिंग के प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शीघ्र बोरिंग कराने को कहा। जिला उद्यान अधिकारी को अधिक से अधिक किसानों को ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई योजना से आच्छादित करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी को सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखी जाएं।
जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने समिति के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति के अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए निर्देशों, सुझावों एवं शिकायतों पर अक्षरशः अनुपालन कराया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल, विधायक बिन्दकी जय कुमार सिंह ‘जैकी’, विधायक सदर चन्द्र प्रकाश लोधी, विधायक हुसैनगंज श्रीमती ऊषा मौर्या, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षगण, ब्लॉक प्रमुख, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, पीडी डीआरडीए तथा पीडब्ल्यूडी, विद्युत एवं सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंताओं सहित समिति के नामित सदस्य एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

News Wani