Breaking News

सोशल मीडिया पर जाल, फ्लैट में हैवानियत: युवक ने विधवा महिला से किया रेप, आरोपी फरार

मध्य प्रदेश: एक युवक ने फेसबुक पर दोस्ती कर विधवा महिला को शादी का झांसा दिया। तीन दिन तक उसके फ्लैट में रुककर कई बार दुष्कर्म किया और फिर अहमदाबाद भाग गया। अब शादी से इनकार कर रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को मामला दर्ज कर लिया है।

पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित एक पॉश अपार्टमेंट में रहने वाली 34 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति का निधन 2018 में हो गया था। वह अपने 14 साल के बेटे के साथ अकेली रहती है। करीब छह महीने पहले उसकी फेसबुक पर गिरीश पाठक (उम्र 32) नाम के युवक से पहचान हुई थी, जो खुद को चीनौर निवासी और अहमदाबाद की एक आईटी कंपनी में इंजीनियर बताता था। बातचीत के दौरान महिला ने गिरीश को अपनी पूरी जिंदगी के बारे में बताया। इसके बाद गिरीश ने उसे पसंद करने और शादी का प्रस्ताव रखा। महिला ने कहा कि वह पहले अपने परिवार से बात करेगी। इस पर गिरीश ने कहा कि वह उसे पसंद करता है और अपने परिवार को किसी भी तरह मना लेगा।

25 अप्रैल 2025 को गिरीश महिला के फ्लैट पर आया। यहां उसने महिला की मां और भाई से मुलाकात की और शादी की बात की। उसने सभी का विश्वास जीत लिया। परिजन लौट गए, लेकिन गिरीश बहाना बनाकर वहीं रुक गया। रात करीब 12 बजे उसने महिला की मर्जी के खिलाफ जबरन संबंध बनाए और कहा कि अब तो शादी तय हो चुकी है। इसके बाद वह 29 अप्रैल तक महिला के फ्लैट पर रुका और तीन दिनों तक बार-बार दुष्कर्म करता रहा। फिर 16 मई को वह दोबारा आया और 18 मई तक महिला के साथ रुका। इस दौरान भी उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

जब महिला ने शादी की बात दोहराई तो गिरीश ने साफ मना कर दिया। उसने कहा कि उसके घरवाले विधवा महिला से शादी के लिए तैयार नहीं हैं। इसके बाद वह फिर अहमदाबाद चला गया और महिला के कॉल रिसीव करने बंद कर दिए। जब महिला अहमदाबाद पहुंची तो वहां भी गिरीश ने शादी से इनकार कर दिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद पीड़िता ने लौटकर पड़ाव थाने में शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।

 

About NW-Editor

Check Also

Sheopur में बड़ा हादसा: मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 28 घायल

ग्वालियर। श्योपुर जिले के आवदा क्षेत्र में रविवार दोपहर तेंदूपत्ता तोड़कर लौट रहे मजदूरों से भरी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *