Breaking News

मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश तक बारिश का कहर, 6 महीने पुरानी सड़क बही; 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात; वाराणसी के सभी घाट डूबे

मध्य प्रदेश में बारिश से 6 महीने पुरानी ₹104 करोड़ की सड़क बही, सतना में तीन लोग नाले में बहे; उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से हाईवे बंद

लगातार हो रही भारी बारिश ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मध्य प्रदेश के सीधी में करीब छह महीने पहले बनी ₹104 करोड़ की सड़क का बड़ा हिस्सा तेज बारिश के पानी में बह गया। सतना में बाइक सवार तीन लोग नाले में बह गए, जिनमें दो लोगों को बचा लिया गया, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। पन्ना में भी उफनती नदी में एक डंपर बह गया।

उत्तर प्रदेश में बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। करीब 92 गांवों की फसलें पानी में डूब गई हैं, जबकि 26 गांवों का संपर्क अन्य इलाकों से कट गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में नाव और मोटर बोट के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

वाराणसी में 84 घाट जलमग्न

वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से शहर के सभी 84 प्रमुख घाट पानी में डूब गए हैं। अस्सी घाट के आसपास जहां दुकानें लगती थीं, वहां अब नावें चल रही हैं। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती भी अब छत पर कराई जा रही है। वरुणा नदी का पानी रिहाइशी इलाकों तक पहुंचने से कई कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति है।

प्रयागराज में गंगा-यमुना का बढ़ा जलस्तर

प्रयागराज में गंगा और यमुना के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। घाट और रिवर फ्रंट जलमग्न हैं। दारागंज घाट की सीढ़ियां पानी में डूबने के बाद अंतिम संस्कार के लिए सड़कों का सहारा लेना पड़ रहा है। बड़े हनुमान मंदिर की सीढ़ियों तक भी पानी पहुंच गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बोटिंग बंद कर दी गई है।

कानपुर के निचले इलाकों में 4 से 6 फीट पानी

कानपुर में गंगा के साथ पांडू नदी भी उफान पर है। इसके चलते निचले इलाकों में बने कई घरों में चार से छह फीट तक पानी भर गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन की टीमें सक्रिय हैं।

उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, गंगोत्री हाईवे बंद

उत्तराखंड में भी लगातार बारिश के बीच कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। उत्तरकाशी में लैंडस्लाइड के बाद गंगोत्री हाईवे पर मलबा आ गया, जिससे मार्ग बंद हो गया। जोशियाड़ा इलाके में बारिश का पानी घरों में घुस गया। प्रदेश में करीब 80 सड़कें बंद हैं, जिनमें नैनीताल की 15, जबकि चमोली और पिथौरागढ़ की 13-13 सड़कें शामिल हैं।

कई राज्यों में बारिश और बाढ़ का असर

बिहार के खगड़िया और पटना में गंगा का पानी आबादी वाले इलाकों तक पहुंच गया है। दिल्ली के जसोला में एक 15 वर्षीय किशोर खुले नाले में बह गया, जिसके बाद एनडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हिमाचल प्रदेश के मंडी में बारिश के कारण पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर सड़क धंस गई।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में भी कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। 24 और 25 अगस्त को ओडिशा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

About NW-Editor

Check Also

उज्जैन में चोरी के दौरान महिला से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, पति-पत्नी को बनाया निशाना

मध्य प्रदेश के उज्जैन से गैंगरेप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पूरा मामला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *