Breaking News

खुदाई ने बिगाड़ी फतेहपुर की रफ्तार, सड़कों पर गड्ढे और जाम से लोग बेहाल

फतेहपुर। शहर में सीवर लाइन और पाइप लाइन बिछाने के लिए जगह-जगह हो रही खुदाई अब नगरवासियों के लिए मुसीबत का सबब बनती जा रही है। सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढे, फुटपाथों पर मिट्टी के ढेर और संकरे रास्तों के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। हालात ऐसे हैं कि कुछ मिनटों का सफर तय करने में लोगों को घंटों लग रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। बसों में सवार बच्चे लंबे समय तक जाम में फंसे रहते हैं और बेहाल हो जाते हैं। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था ने आम नागरिकों की दिनचर्या को भी प्रभावित कर दिया है।

सीवर लाइन और पाइप लाइन के लिए शहर के अलग-अलग मार्गों पर लगातार खुदाई की जा रही है। इसके चलते सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। फुटपाथों पर मिट्टी के ढेर और गहरे गड्ढे होने से पैदल चलने वालों के साथ ही दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। जाम में फंसे लोग गर्मी और उमस के बीच पसीना बहाते हुए रास्ता खुलने का इंतजार करते रहते हैं।

शहर के मार्गों पर लगने वाले जाम का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। यातायात पुलिस की मौजूदगी भी लोगों को नाकाफी नजर आ रही है। कई स्थानों पर दो-तीन यातायात कर्मियों को ही वाहनों की लंबी कतारों को नियंत्रित करने और जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है।

सीवर लाइन बिछाने का काम अभी शुरुआती दौर में है और शहरवासियों को अभी से जाम के झाम से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में जब सीवर लाइन का काम व्यापक स्तर पर आगे बढ़ेगा, तब शहर की यातायात व्यवस्था का क्या हाल होगा, इसे लेकर लोगों की चिंता बढ़ने लगी है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में डेंगू से बचाव की पहल, 317 स्कूली बच्चों को दी गई होम्योपैथिक दवा

फतेहपुर। डेंगू व अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव को लेकर बुधवार को जनपद में जागरूकता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *