Breaking News

चरखारी में 18 दुकानों वाली नई मार्केट का शुभारंभ, नगर पंचायत को मिलेगा आय का नया जरिया

महोबा। चरखारी के बेलाताल रोड पर तहसील के सामने लंबे समय से विवादित रही जमीन अब व्यवसायिक गतिविधियों का केंद्र बनने जा रही है। नगर पंचायत ने न्यायालयी लड़ाई जीतने के बाद कब्जामुक्त कराई गई भूमि पर ‘जय मां पीतांबरा’ मार्केट का निर्माण कराया है। नवनिर्मित मार्केट का हवन-पूजन के साथ विधिवत उद्घाटन किया गया।

चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने फीता काटकर और मोमबत्ती जलाकर मार्केट का उद्घाटन किया। इस दौरान विधि-विधान से हवन-पूजन भी कराया गया। मार्केट में कुल 18 दुकानें बनाई गई हैं, जिन्हें नगर पंचायत अब किराए पर आवंटित करने की प्रक्रिया में जुटी है।

लंबे समय से चल रहा था जमीन को लेकर विवाद

तहसील के सामने सड़क किनारे स्थित जमीन पर कब्जाधारियों ने अवैध रूप से कब्जा कर बाउंड्री का निर्माण करा लिया था। जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए नगर पंचायत ने न्यायालय में वाद दायर किया और वर्षों तक कानूनी लड़ाई लड़ी। आखिरकार फैसला नगर पंचायत के पक्ष में आने के बाद जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया।

इसके बाद नगर पंचायत ने बुलडोजर चलवाकर अवैध निर्माण हटाया और भूमि को अपने कब्जे में लिया। सर्वसम्मति से हुई बोर्ड बैठक में इस जमीन पर मार्केट बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद यहां ‘जय मां पीतांबरा’ के नाम से नई मार्केट तैयार कराई गई।

18 दुकानों से नगर पंचायत की बढ़ेगी आमदनी

नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि मार्केट में 18 दुकानें बनाई गई हैं। इन दुकानों को किराए पर आवंटित किया जाएगा। इससे नगर पंचायत को नियमित आय का एक नया स्रोत मिलेगा और क्षेत्र के कारोबारियों को भी व्यवसाय के लिए स्थान उपलब्ध होगा।

उद्घाटन कार्यक्रम में विधायक बृजभूषण राजपूत ने नगर में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में चरखारी में पहले की तुलना में बड़े स्तर पर विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए तीन स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं। इनमें एक बैडमिंटन हॉल बनकर तैयार हो चुका है, जबकि दो क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण चल रहा है।

उद्घाटन समारोह में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. कमलेश सक्सेना, समाजसेवी राकेश अरजरिया, मंडल अध्यक्ष माधव कुशवाहा, श्याम किशोर एडवोकेट, बार अध्यक्ष अधिवक्ता लक्ष्मण सिंह यादव, अधिवक्ता धर्मेंद्र यादव, अधिवक्ता शिवनारायण खरे, सगीर खान पहलवान, भारत सिंह यादव, मानवेन्द्र सिंह, रवीन्द्र उपाध्याय समेत नगर पंचायत के सभासद मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

पार्टी के बहाने बुलाकर दोस्त को बंधक बनाया, बेल्ट-पट्टों से पीटकर 20 हजार छीने, 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

  महोबा। शहर के भटीपुरा इलाके में एक युवक को पार्टी के बहाने प्लाट पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *