399 किमी. सड़क होगी गड्ढामुक्त, 206 किमी. मार्गों का होगा नवीनीकरण; दूसरे जिलों को जोड़ने वाले रास्तों पर विशेष फोकस
महोबा। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले की खराब सड़कों को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी प्रभाष कुमार ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को एक महीने के भीतर जिले के क्षतिग्रस्त मार्गों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए दूसरे जिलों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों की मरम्मत जल्द पूरी कराने पर विशेष जोर दिया।
डीएम कैंप कार्यालय में मंगलवार को आयोजित बैठक में जिले की सड़कों की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मार्गों पर प्रस्तावित गड्ढामुक्ति और नवीनीकरण कार्यों की जानकारी दी।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि जिले में विभिन्न विभागों के अंतर्गत 399 किलोमीटर सड़क को गड्ढामुक्त किया जाना है, जबकि 206 किलोमीटर मार्गों का नवीनीकरण प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता से किया जाएगा दुरुस्त
जिलाधिकारी ने दूसरे जिलों से महोबा को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश दिए। इनमें कबरई-बांदा-महोबा, महोबा-चरखारी और मुस्करा मार्ग शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान इन मार्गों पर आवागमन बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति के कारण आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मरम्मत कार्य समय से पूरा कराया जाए।
कई विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी
बैठक में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई, नगर निकाय, सिंचाई, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और मंडी परिषद समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
डीएम ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले के मार्गों को एक माह के भीतर गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। प्रशासन का फोकस त्योहारों से पहले प्रमुख मार्गों की स्थिति सुधारने और लोगों को सुगम यातायात उपलब्ध कराने पर है।
News Wani
