चरखारी (महोबा)। मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान के तहत विशेष दिवस पर एमएलसी जितेन्द्र सिंह सेंगर ने चरखारी नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) के मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची का अवलोकन करते हुए पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल करने और त्रुटियों को दुरुस्त कराने की प्रक्रिया की जानकारी ली।
एमएलसी जितेन्द्र सिंह सेंगर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। जिन लोगों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें, ताकि उन्हें मतदान के अधिकार से वंचित न रहना पड़े।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 और पहले से दर्ज नाम में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 भरा जाता है। संबंधित मतदाता अपने मतदान केंद्र पर तैनात बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर सकते हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और किसी भी प्रकार की कमी होने पर समय रहते आवेदन करें। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभा सकें।
News Wani
