Breaking News

दीपावली पर माँ केन आरती स्थल घाट पर हजारों दीपकों से जगमगाया; प्रभु श्री राम की हुई भव्य महाआरती, पूरा घाट हुआ राममय

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बाँदा।  दीपावली के पावन पर्व पर बाँदा स्थित माँ केन आरती स्थल घाट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों दीपकों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। घाट का नजारा ऐसा दिखाई दे रहा था, मानो अयोध्या की दिव्य छटा माँ केन के तट पर उतर आई हो। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच पूरा वातावरण राममय हो गया।

दीपावली की शाम श्रद्धालुओं ने घाट पर पहुंचकर दीप प्रज्ज्वलित किए। देखते ही देखते हजारों दीपकों से केन घाट रोशनी से नहा उठा। नदी के तट पर सजे दीपों और जल में उनकी झिलमिलाती रोशनी ने मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और जय माँ केन के जयकारे लगाए।

कार्यक्रम के दौरान प्रभु श्रीराम की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। मान्यता के अनुसार, 14 वर्ष का वनवास पूरा कर भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की खुशी में दीपावली मनाई जाती है। इसी परंपरा को याद करते हुए श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर प्रभु श्रीराम का स्वागत किया। भजन-कीर्तन, रामधुन और महाआरती से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम के आयोजक महेश कुमार प्रजापति, जिला अध्यक्ष विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति एवं जिला संयोजक गंगा समग्र, कानपुर प्रांत-बाँदा ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली पर माँ केन के तट पर हजारों दीप जलाकर प्रभु श्रीराम का स्वागत करना सभी के लिए गौरव और आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार त्रेतायुग में भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर दीप जलाए गए थे, उसी परंपरा और उत्साह के साथ आज बाँदा के केन घाट को दीपों से सजाया गया है।

उन्होंने आयोजन में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए कहा कि माँ केन को स्वच्छ और निर्मल रखना, गौ माता की रक्षा करना तथा प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि दीपक अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति दीपावली पर अपने घर के साथ माँ केन और गौ माता के सम्मान में भी एक दीप अवश्य जलाए।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुनील सक्सेना, जिला सह प्रभारी आलोक कुमार निगम, जिला उपाध्यक्ष शुतकीर्ति गुप्ता, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश कुमार धुरिया, जिला अध्यक्ष अधिवक्ता प्रकोष्ठ दीपक शुक्ला, जिला मंत्री शैलेंद्र सिंह, जिला मंत्री विनय गुप्ता, नगर अध्यक्ष मटौंध मनुज त्रिपाठी, लोहा सिंह, जिला प्रचार मंत्री रजनीश प्रजापति सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दीपोत्सव के इस आयोजन ने बाँदा के केन घाट पर दीपावली की खुशियों को यादगार बना दिया। हजारों दीपों की जगमगाहट और प्रभु श्रीराम की महाआरती ने श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिकता से सराबोर कर दिया।

About NW-Editor

Check Also

दीपावली पर भोला कुशवाहा ने की अनोखी गौ सेवा -पलहरी गौशाला में गौ माता को खिलाई 33 बोरी गोभी

बांदा। न्यूज़ वाणी ब्यूरो। दीपावली के पावन पर्व पर जहां लोग घरों को रोशन करने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *