फतेहपुर। रबी की फसलों की बुवाई से पहले कृषि विभाग ने किसानों को अनुदान पर बीज और नि:शुल्क बीज मिनीकिट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। खरीफ-2026 की तर्ज पर रबी सत्र 2026-27 में भी पंजीकृत किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कराने के बाद ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किया जाएगा। चयनित किसानों को निर्धारित योजनाओं के तहत बीज एवं मिनीकिट उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि दलहनी फसलों में चना, मटर और मसूर तथा तिलहनी फसलों में राई/सरसों एवं अलसी के बीज प्राप्त करने के लिए प्रथम चरण की ऑनलाइन बुकिंग की अंतिम तिथि 10 सितंबर निर्धारित की गई है। इन फसलों के लिए ई-लॉटरी 11 सितंबर को कराई जाएगी।
वहीं, गेहूं एवं जौ के बीज के लिए ऑनलाइन बुकिंग 30 सितंबर तक की जा सकेगी। इनकी ई-लॉटरी 1 अक्टूबर को होगी। किसानों को तोरिया बीज उपलब्ध कराने के लिए बुकिंग की प्रक्रिया भी निर्धारित समय से शुरू कर दी गई है।
विभागीय योजनाओं के तहत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष किसानों को बीज उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और ई-लॉटरी आधारित रखी गई है, ताकि पात्र किसानों का चयन पारदर्शी तरीके से किया जा सके।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द कृषि विभाग के पोर्टल पर अपनी बुकिंग करा लें, जिससे ई-लॉटरी में शामिल होकर अनुदानित बीज एवं नि:शुल्क बीज मिनीकिट का लाभ प्राप्त किया जा सके।
News Wani
