Breaking News

पांडु नदी का पानी बढ़ा, पिपौरी में 150 घर जलमग्न: 8 से 10 फीट गहरे पानी में रेस्क्यू, NDRF ने कई लोगों को सुरक्षित निकाला

कानपुर। पांडु नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से कानपुर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। विधनू क्षेत्र के पिपौरी गांव में नदी का पानी घुसने से करीब 150 घर प्रभावित हुए हैं। कई मकानों के अंदर छह फीट तक पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शुक्रवार को जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और एसडीएम सदर ने पिपौरी पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। एसडीएम सदर अभिनव सिंह ने एनडीआरएफ टीम के साथ मोटरबोट से जलभराव वाले इलाकों में पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया।

8 से 10 फीट गहरे पानी में पहुंची टीम

पिपौरी में कई स्थानों पर पानी की गहराई करीब 8 से 10 फीट तक बताई जा रही है। एनडीआरएफ की टीम मोटरबोट के जरिए प्रभावित घरों तक पहुंचकर वहां फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल रही है। कई बुजुर्ग और अन्य लोग घरों की पहली और दूसरी मंजिल पर फंसे हुए थे, जिन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

रात से लगातार जारी है रेस्क्यू अभियान

एसडीएम सदर अभिनव सिंह के अनुसार, गुरुवार रात से ही एनडीआरएफ की टीम लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान जलस्तर पहले की तुलना में और बढ़ा हुआ मिला। कई घरों के अंदर भी करीब छह फीट तक पानी पहुंच गया है।

प्रभावित लोगों के ठहरने की व्यवस्था

प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। उनके ठहरने के लिए गेस्टहाउस चिन्हित किए गए हैं। साथ ही प्रभावित लोगों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें लगातार जलभराव वाले इलाकों में रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।

About NW-Editor

Check Also

कानपुर में ट्रेनी विमान हादसा, पायलट और ट्रेनर की हुई मौत; धमाके के बाद जमीन पर गिरा विमान

कानपुर। कानपुर में एक ट्रेनी विमान हादसे का शिकार हो गया। उड़ान के दौरान विमान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *