Breaking News

फतेहपुर में बारिश के बीच जलाशयों पर पुलिस की नजर, बच्चों की सुरक्षा को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

फतेहपुर। बारिश के बीच नदी, तालाब, नहर और अन्य जलाशयों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए फतेहपुर पुलिस ने हादसों की रोकथाम के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। बीते एक सप्ताह में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में तालाबों में डूबने से बच्चों की मौत की घटनाओं के बाद पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को जलाशयों के आसपास बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करना शुरू कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें नदी, तालाब, नहर और अन्य जलाशयों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों से संवाद कर रही हैं। पुलिसकर्मी लोगों को जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के दौरान जलाशयों के नजदीक जाने के खतरों के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

अभियान के दौरान विशेष रूप से बच्चों और उनके अभिभावकों को सतर्क किया जा रहा है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को नदी, तालाब, नहर अथवा किसी भी जलाशय के आसपास अकेले न जाने दें और उन पर लगातार नजर रखें। बच्चों को जलाशयों में नहाने, तैरने या खेलने के लिए जाने से रोकने के साथ ही बढ़े हुए जलस्तर और तेज बहाव वाले स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

पुलिस टीमों ने ग्रामीणों से कहा कि वे अपने आसपास मौजूद ऐसे स्थानों को चिह्नित कर विशेष सतर्कता बरतें, जहां जलभराव, गहराई या तेज बहाव के कारण हादसे की आशंका हो। साथ ही बच्चों और किशोरों को जलाशयों के खतरों के बारे में समझाने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वर्तमान बारिश के मौसम में नदी, तालाब, नहर एवं अन्य जलाशयों के आसपास किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। बच्चों को ऐसे स्थानों पर अकेले न जाने दें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा 112 आपातकालीन सेवा को सूचना दें।

About NW-Editor

Check Also

हादसे के बाद सड़क जाम करना पड़ा भारी, 20 ग्रामीणों पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के बसवा पौली रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *