महोबा। ‘पुलिस केवल सख्त होती है’—इस धारणा को दरकिनार करते हुए पुलिसकर्मियों का एक सराहनीय और मानवीय चेहरा सामने आया है। मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के बल पर यातायात पुलिस ने एक महिला का ऑटो में छूटा कीमती सामान से भरा बैग सुरक्षित ढूंढकर उसके सुपुर्द कर दिया।
एक पीड़ित महिला रेलवे स्टेशन से रोडवेज बस स्टैंड आने के लिए ऑटो में सवार हुई थी। बस स्टैंड पहुंचने के बाद जल्दबाजी में उसका बैग ऑटो में ही छूट गया और ऑटो चालक वहां से निकल गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब ऑटो का पता नहीं चला, तो महिला ने चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर (टीएसआई) शिव कुमार गौतम से संपर्क किया और आपबीती बताई।
महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीएसआई शिव कुमार गौतम ने बिना समय गंवाए अपने सहयोगी सिपाहियों के साथ मिलकर ऑटो की तलाश शुरू की। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अपने नेटवर्क की मदद से पुलिस टीम ने कुछ ही समय में संबंधित ऑटो चालक को ट्रैक कर लिया।
बैग की बरामदगी के बाद पुलिस ने पूरी जांच-परख कर उसे संबंधित महिला के हवाले कर दिया। अपना खोया हुआ सामान वापस पाकर महिला के चेहरे पर खुशी लौट आई और उसने टीएसआई व उनकी पूरी टीम का सह्रदय धन्यवाद किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को लेकर लोग भले ही तरह-तरह की बातें करें, लेकिन इस तरह की घटनाएं यह साबित करती हैं कि पुलिस हर परिस्थिति में अपनी ड्यूटी पर खरी उतरती है और जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहती है।
News Wani
