फतेहपुर। जिले में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते पुराने और जर्जर मकानों के गिरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। गुरुवार को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मकान और कच्ची दीवार गिरने की चार घटनाएं सामने आईं। हादसों में मलबे में दबकर एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों को आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर कर दिया गया।
खागा कोतवाली क्षेत्र: सलमपुर गोली गांव निवासी स्वर्गीय बनवारी के 75 वर्षीय पुत्र रामस्वरूप घर की कच्ची कोठरी में सो रहे थे। इसी दौरान बारिश के कारण कमजोर हो चुकी कोठरी अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे में रामस्वरूप मलबे के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जाफरगंज थाना क्षेत्र: रामपुर गांव में भी बारिश के कारण मकान गिरने से चार लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। बताया गया कि रामशरण के 46 वर्षीय पुत्र केशव, रामचंद्र की 48 वर्षीय पत्नी केशकली, सुरेश की 40 वर्षीय पत्नी गीतादेवी और राकेश की 17 वर्षीय पुत्री शिवांगी घर में मौजूद थे। अचानक मकान भरभराकर गिर गया और सभी लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को मलबे से बाहर निकाला और सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस के ईएमटी कृष्णा और पायलट मुकेश ने घायलों को बिंदकी सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल केशव को उच्च उपचार के लिए अलापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उन्हें सरकारी एंबुलेंस के ईएमटी अभिषेक और पायलट भूपेंद्र के साथ भेजा गया।
ललौली थाना क्षेत्र: बराठी गांव में भी बारिश के बीच मकान की छत गिरने से तीन लोग घायल हो गए। गजोधर के 65 वर्षीय पुत्र रामभवन, उनकी 60 वर्षीय पत्नी राजरानी और राकेश का 10 वर्षीय पुत्र नितिन घर में मौजूद थे। इसी दौरान मकान की छत अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे तीनों मलबे में दब गए। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला। घायलों को पहले बहुआ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें गाजीपुर सीएचसी भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सरकारी एंबुलेंस के ईएमटी जितेंद्र और पायलट अनिरुद्ध की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
राधानगर थाना क्षेत्र: बमपुर गांव निवासी बुधराज लोधी के 32 वर्षीय पुत्र संजय लोधी गुरुवार सुबह घर में मौजूद थे। इसी दौरान बारिश के कारण कमजोर हो चुकी कच्ची दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। संजय मलबे में दबकर घायल हो गए। परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया।
News Wani
