फतेहपुर। उधार के रुपये मांगना एक सेल्समैन को भारी पड़ गया। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुगरेई गांव में शराब ठेके के बाहर सो रहे सेल्समैन की सिर पर लकड़ी के बोटे से प्रहार कर हत्या कर दी गई। इसके बाद ठेके का ताला खोलकर गल्ले में रखे 1.41 लाख रुपये लूट लिए गए। सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 23 अक्टूबर की रात दुगरेई गांव स्थित देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन सतेंद्र सिंह चौहान (28) दुकान बंद करने के बाद पास में बने टीनशेड के बरामदे में सो रहा था। रात करीब 1:30 बजे उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किए जाने की सूचना परिजनों को मिली। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज अल्लीपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल पर शराब ठेके का ताला खुला मिला और बिक्री की नकदी गायब थी। मृतक के पिता कुंवर बहादुर सिंह की तहरीर पर बिंदकी कोतवाली में हत्या और लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर जांच शुरू कराई।
उधार के 50 हजार रुपये को लेकर था विवाद
जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि दुगरेई गांव का कृष्णा तिवारी मृतक के साथ बैठकर शराब पीता था और ताश भी खेलता था। आरोपी ने सतेंद्र से 50 हजार रुपये उधार ले रखे थे, जिन्हें वह बार-बार वापस मांग रहा था। घटना वाली रात भी रुपये मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि विवाद के बाद वह घर चला गया था, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा ठेके के पास पहुंचा। वहां पड़े लकड़ी के बोटे से सतेंद्र के सिर पर दो बार प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सिरहाने रखे तकिये के नीचे से चाबी निकालकर ठेके का ताला खोला और गल्ले में रखे 1.41 लाख रुपये लेकर फरार हो गया।
इलेक्ट्रिक ऑटो से भागते समय गिरफ्तार
विवेचना के दौरान कृष्णा तिवारी का नाम सामने आने पर पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने जौहना से चांदपुर होते हुए हमीरपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर शहजादीपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी की। इस दौरान सफेद रंग के इलेक्ट्रिक ऑटो को रोककर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान ऑटो की डिग्गी से लूटे गए 1.41 लाख रुपये की पूरी नकदी और खून के छींटों वाली सफेद टी-शर्ट बरामद हुई। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना लकड़ी का बोटा भी बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, बरामद टी-शर्ट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
News Wani
