बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने रियलिटी शो ‘अलायंस’ में अपनी खास मौजूदगी से दर्शकों का ध्यान खींच लिया। छोटे भाई सोहेल खान का हौसला बढ़ाने पहुंचे सलमान ने शो के दौरान अपनी मजेदार बातों से माहौल हल्का किया, वहीं कुछ भावुक पल भी साझा किए।
शो में एंट्री लेते ही सलमान ने मजाकिया अंदाज़ में कहा कि वह यहां होस्ट नहीं हैं और फिर अभिनेता रितेश देशमुख पर चुटकी लेते हुए बोले कि उनकी होस्टिंग देखकर लगता है कि “रितेश की नौकरी खतरे में पड़ सकती है।” सलमान की इस टिप्पणी पर सेट पर मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
इस दौरान सलमान ने सोहेल खान के निजी जीवन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सोहेल ने हमेशा अपने रिश्ते की जिम्मेदारी खुद पर ली, जबकि एक भाई होने के नाते वह जानते हैं कि सोहेल ने रिश्ता बचाने की पूरी कोशिश की थी। सलमान के इस बयान को दर्शकों ने भावुक पल के रूप में देखा।
शो में सोहेल की पूर्व पत्नी सीमा सचदेह की एंट्री भी चर्चा का विषय बनी। सोहेल ने सीमा की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने उनके साथ 25 साल बिताए हैं और वह बेहद अच्छी इंसान हैं। उन्होंने यह भी माना कि यदि रिश्ते में कोई गलती हुई होगी तो वह उनकी अपनी रही होगी।
बातचीत के दौरान सलमान खान ने अपने जेल के दिनों का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उस दौर की परिस्थितियां बेहद कठिन थीं और उन दिनों ने उन्हें जीवन के कई महत्वपूर्ण सबक सिखाए।
‘अलायंस’ इन दिनों अपने फिनाले वीक में पहुंच चुका है और दर्शकों के बीच लगातार चर्चा में बना हुआ है। सलमान खान की यह खास मौजूदगी शो के सबसे यादगार एपिसोड्स में से एक मानी जा रही है।
News Wani
