Breaking News

उदास दिख रहे सोहेल खान का बढ़ाया हौसला, ‘द अलायंस’ में सलमान की सरप्राइज एंट्री से इमोशनल हुआ पूरा माहौल

प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘द अलायंस’ के आगामी एपिसोड का नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की शानदार एंट्री ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। सलमान को देखते ही शो के सभी कंटेस्टेंट्स खुशी और हैरानी से झूम उठे, लेकिन सबसे भावुक पल तब देखने को मिला जब उनके भाई सोहेल खान उनसे गले मिलते नजर आए।

प्रोमो में सलमान खान डेनिम शर्ट, चारकोल ट्राउजर और काउबॉय हैट में बेहद स्टाइलिश अंदाज में ‘अलायंस’ हाउस में प्रवेश करते हैं। उन्हें देखते ही सोहेल खान के चेहरे पर पहले हैरानी और फिर खुशी साफ दिखाई देती है। दोनों भाई गले मिलते हैं और सलमान मुस्कुराते हुए कहते हैं, “क्या भाई?” यह पल सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।

सोहेल का हौसला बढ़ाने पहुंचे सलमान

प्रोमो के अनुसार, सलमान की एंट्री ऐसे समय हुई जब सोहेल खान शो में भावनात्मक रूप से काफी कमजोर महसूस कर रहे थे। हाल ही में उनकी पूर्व पत्नी सीमा सचदेह शो से बाहर हो गई थीं और दूसरी ओर ग्रोइन इंजरी के कारण सोहेल कई टास्क में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे।

इसी वजह से उन्होंने खुद को एलिमिनेशन के लिए भी नॉमिनेट कर दिया था। उनका कहना था कि चोट के कारण वह टीम के लिए बेहतर योगदान नहीं दे पाए, जबकि अन्य प्रतियोगी चोटिल होने के बावजूद पूरी ताकत से मुकाबला कर रहे थे।

आज स्ट्रीम होगा एपिसोड

सलमान खान की इस खास एंट्री वाला एपिसोड रविवार को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने की उम्मीद है। प्रोमो रिलीज होने के बाद से ही फैंस इस एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

रिश्तों और इमोशन्स का खेल है ‘द अलायंस’

रियलिटी शो ‘द अलायंस’ को अभिनेता कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं। शो में दोस्ती, भरोसे और रिश्तों की लगातार परीक्षा होती रहती है। इसमें फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कई चर्चित चेहरे और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगियों में सोहेल खान, मिनी माथुर, कुशाल टंडन और नीति टेलर जैसे नाम शामिल हैं।

सीमा सचदेह की खुलकर की थी तारीफ

इससे पहले शो में सीमा सचदेह की वाइल्ड कार्ड एंट्री के दौरान सोहेल खान ने उनके साथ अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने सीमा के साथ अपनी जिंदगी के 25 साल बिताए हैं और वह बेहद खूबसूरत व नेकदिल इंसान हैं। सोहेल ने यह भी माना था कि अगर उनके रिश्ते में कभी कोई गलती हुई होगी तो वह उनकी तरफ से रही होगी।

लव स्टोरी से शादी और फिर अलगाव तक का सफर

सोहेल खान और सीमा सचदेह की पहली मुलाकात चंकी पांडे की सगाई की पार्टी में हुई थी। दोनों एक-दूसरे के करीब आए, लेकिन अलग धर्म होने के कारण परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। इसके बावजूद दोनों ने 15 मार्च 1998 को घर से भागकर शादी की। पहले आर्य समाज मंदिर में विवाह किया और बाद में निकाह भी पढ़ा। उनके दो बेटे निर्वाण और योहान हैं। हालांकि, करीब 24 साल साथ रहने के बाद दोनों ने वर्ष 2022 में अलग होने का फैसला किया।

About NW-Editor

Check Also

गणपति बप्पा को घर लाईं सुनीता आहूजा, अकेले ढोल पर थिरकती दिखीं; गोविंदा की गैरमौजूदगी बनी चर्चा का विषय

गणपति बप्पा को घर लाईं सुनीता आहूजा, अकेले ढोल पर थिरकती दिखीं; गोविंदा की गैरमौजूदगी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *