Breaking News

दिल्ली में भारत-अफगानिस्तान की आखिरी टी-20 भिड़ंत, वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है मौका; राशिद खान के पास इतिहास रचने का अवसर

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। भारतीय टीम शुरुआती दोनों मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा कर चुकी है, ऐसे में आखिरी मुकाबले में युवा खिलाड़ियों को आजमाने की संभावना जताई जा रही है।

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को इस मुकाबले में भारत की ओर से खेलने का मौका मिल सकता है। यदि वह मैदान पर उतरते हैं तो दिल्ली में यह उनका पहला इंटरनेशनल मुकाबला होगा। सीरीज का नतीजा पहले ही भारत के पक्ष में होने के कारण टीम मैनेजमेंट बेंच स्ट्रेंथ को परख सकता है।

वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी निगाहें

वैभव ने इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने दो अर्धशतक लगाए थे और अपने प्रदर्शन के दम पर प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी हासिल किया था। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ आखिरी मुकाबला उन्हें इंटरनेशनल स्तर पर घरेलू मैदान पर खुद को साबित करने का मौका दे सकता है।

एशियन गेम्स से पहले टीम के पास कुछ खिलाड़ियों को मैच प्रैक्टिस देने का भी अवसर है। वैभव के अलावा वॉशिंग्टन सुंदर और यश ठाकुर जैसे खिलाड़ियों को भी अंतिम मुकाबले में मौका मिलने की संभावना है।

राशिद खान इतिहास रचने से चार विकेट दूर

अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान इस मुकाबले में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। राशिद के नाम फिलहाल 117 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 196 विकेट हैं। उन्हें 200 विकेट पूरे करने के लिए सिर्फ चार विकेट की जरूरत है।

अगर राशिद यह आंकड़ा हासिल कर लेते हैं तो वह पुरुष और महिला क्रिकेट को मिलाकर टी-20 इंटरनेशनल में 200 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन जाएंगे।

अभिषेक शर्मा का बल्ला भी चर्चा में

भारत की ओर से इस सीरीज में अभिषेक शर्मा सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने दो मुकाबलों में 121 रन बनाए हैं। पहले मैच में उन्होंने 82 रन की तेजतर्रार पारी खेली थी, जबकि दूसरे मुकाबले में उनके बल्ले से 39 रन निकले।

गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने दो मैचों में पांच विकेट लेकर प्रभाव छोड़ा है। उनकी इकॉनमी भी 6.75 की रही है। जसप्रीत बुमराह से भी आखिरी मुकाबले में अहम विकेटों की उम्मीद होगी।

अफगानिस्तान के लिए उमरजई ने किया प्रभावित

अफगानिस्तान की बल्लेबाजी में अजमतुल्लाह उमरजई अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने दो मैचों में 75 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 64 रन रहा है।

गेंदबाजी में एक बार फिर राशिद खान अफगानिस्तान के मुख्य हथियार होंगे। उन्होंने सीरीज के दो मुकाबलों में तीन विकेट हासिल किए हैं। हालांकि इस दौरान उनकी इकॉनमी 9.33 रही है।

अफगानिस्तान की टीम नवीन-उल-हक की फिटनेस पर भी नजर रखेगी। उनके उपलब्ध रहने पर टीम के गेंदबाजी संयोजन में बदलाव देखने को मिल सकता है।

भारत का रिकॉर्ड बेहद मजबूत

भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक टी-20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भारतीय टीम का दबदबा रहा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में भारत ने 10 मैच जीते हैं, जबकि अफगानिस्तान को अब तक जीत नहीं मिली है। एक मुकाबला बेनतीजा रहा है।

दिल्ली की पिच पर बड़े स्कोर की उम्मीद

अरुण जेटली स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। मैदान की अपेक्षाकृत छोटी बाउंड्री के कारण यहां तेज बल्लेबाजी और बड़े शॉट देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपनी रणनीति तय करेगी।

संभावित प्लेइंग-11

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा/वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, नितिश कुमार रेड्डी, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।

अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदीकुल्लाह अटल, गुलबदीन नायब, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान/नवीन-उल-हक, फजलहक फारूकी, अब्दुल्लाह अहमदजई।

About NW-Editor

Check Also

भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से रौंदा, अभिषेक का तूफानी अर्धशतक; बुमराह ने रचा 350 विकेट का इतिहास

भारत ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में अफगानिस्तान को 7 विकेट …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *