इटावा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में जनपद भर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को सभी समस्त थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष एवं चैकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में स्थित बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसर के अंदर व बाहर सुरक्षा प्रबंधों की गहन समीक्षा की। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग सिस्टम, अलार्म सिस्टम, प्रवेश द्वारों की सुरक्षा व्यवस्था तथा बैंक गार्डों की तैनाती को बिंदुवार जांचा गया। पुलिस टीमों ने यह भी देखा कि बैंकिंग संस्थानों में आने-जाने वाले ग्राहकों की सुरक्षा हेतु आवश्यक संसाधन पर्याप्त रूप से उपलब्ध हैं या नहीं। अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया कि सभी सुरक्षा उपकरणों को नियमित रूप से जांचते रहें, किसी भी खराब या निष्क्रिय उपकरण को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त कराया जाए। साथ ही, बैंक परिसर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान मौजूद बैंक कर्मचारियों एवं ग्राहकों को भी सतर्क रहने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने तथा साइबर और बैंक फ्रॉड से बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा में लापरवाही अपराधियों को मौका देती है, इसलिए सभी की सहभागिता बेहद आवश्यक है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के इस अभियान का उद्देश्य बैंक चोरी, धोखाधड़ी जैसी घटनाओं पर रोकथाम करना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस द्वारा किए गए इस व्यापक निरीक्षण से जनपद में बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद है।

News Wani